ETV Bharat / state

बुरहानपुर का फिटनेस ट्रेनर पेट डॉग, मुंह में डंडा दबा मालिक को रोज करता है ट्रेन!

बुरहानपुर में पालतू कुत्ते और मालिक का अनोखा प्रेम, 6 साल से हर दिन साथ साथ करते रहे हैं मॉर्निंग वॉक.

BURHANPUR PET DOG FITNESS TRAINER
बुरहानपुर में पेट डॉग बना फिटनेस ट्रेनर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : November 22, 2025 at 5:22 PM IST

|

Updated : November 22, 2025 at 5:40 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बुरहानपुर: फिल्मी पर्दे पर 1985 में रिलीज हुई जैकी श्रॉफ की फिल्म 'तेरी मेहरबानियां' में पालतू कुत्ते मोती और जैकी श्रॉफ यानी राम के बीच के प्यार और दोस्ती की कहानी दिखाई गई थी. कुछ इसी तरह की कहानी असल जिंदगी में बुरहानपुर के पालतू डॉगी शैगी और प्रोफेसर डॉ. संदीप पगारे की है, जो पूरे जिले में प्रसिद्ध हैं. वह अपने मालिक के साथ प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक पर निकलता है. यदि किसी दिन मालिक को आलस आ जाए और वे वॉक पर नहीं जाना चाहें, तो सुबह वह उन्हें उठाने के लिए बिस्तर पर पहुंच जाता है.

मुंह में डंडा दबाकर मॉर्निंग वॉक पर निकलता है डॉग

इन दिनों बुरहानपुर में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है. सड़कों पर सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहती हैं, लेकिन लोगों की हलचल नजर आने लगती हैं. इस दौरान हर सुबह एक नया किस्सा शुरू हो जाता है. इंदिरा कॉलोनी से लेकर मोहम्मदपुरा रेणुका माता मंदिर तक हर दिन एक अनोखा नजारा देखने को मिलता है.

मुंह में डंडा दबाकर मालिक के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकलता है डॉग (ETV Bharat)

इस नजारे को देखते ही लोग रुक जाते हैं. वे पहले तो मुस्कुरा देते हैं और कई बार हैरान भी रह जाते हैं, क्योंकि रोजाना पालतू श्वान शैगी फुल एनर्जी के साथ अपने मालिक डॉ. संदीप पगारे के पीछे-पीछे मुंह में मजबूती से डंडा दबाकर चलता है. ये शैगी कोई आम कुत्ता नहीं, बल्कि मानो कमाल का फिटनेस ट्रेनर हैं, जो हर दिन डॉ. संदीप पगारे को मॉर्निंग वॉक कराता है.

मालिक को नींद से जगाने बिस्तर पहुंच जाता है शैगी

8 साल का शैगी (डॉग), अपने 58 वर्षीय मालिक डॉक्टर संदीप पगारे का सबसे वफादार फिटनेस ट्रेनर है. वह रोजाना मालिक की बेहतर सेहत के लिए 4 किमी दूर तक मॉर्निंग वॉक की जिद पर अड़ जाता है. सुबह-सुबह भौंककर मालिक को नींद से जगा देता है. इसके बाद मुंह में मजबूती से डंडा दबाकर मालिक के पीछे-पीछे मॉर्निंग वॉक पर निकल पड़ता है. यह नजारा देख ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे कोई सख्त ट्रेनर हाथ में स्टिक थामे नए खिलाड़ियों को तैयार करने में जुटा है.

6 साल से हर दिन शैगी कर रहा है मॉर्निंग वॉक

रोचक बात यह है कि पिछले 6 साल से शैगी हर दिन डॉ. संदीप पगारे को पूरे 4 किलोमीटर की सैर कराने निकल जाता है. इस दौरान अपने माता-पिता के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले बच्चे, शैगी को पुकारते है, लेकिन शैगी अपनी ड्यूटी पर पूरी जिम्मेदारी से निभाता हैं और मालिक के पीछे-पीछे चलता रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक मॉर्निंग वॉक नहीं, बल्कि इंसान और जानवर के बीच अनोखा प्रेम का जीता जागता उदाहरण है.

BURHANPUR PET DOG MORNING WALK
6 साल से हर दिन मॉर्निंग वॉक करता है पेट डॉग शैगी (ETV Bharat)

शैगी है सेहत का असली रखवाला

डॉ. संदीप पगारे बताते हैं कि "किसी दिन अगर मैं देर करता हूं या आलस दिखाता हूं, तो शैगी मेरे कमरे में पहुंच जाता है. भौंककर नींद से जगाता है, इसके बाद मुंह में डंडा दबाकर सामने खड़ा हो जाता है और मॉर्निंग वॉक पर चलने की जिद करता है. यदि मैं कभी आधे रास्ते से लौटना चाहता हूं, तो वह वापस नहीं होने देता है, जहां तक रोजाना जाते हैं, वहां तक ले ही जाता है."

डॉ. संदीप पगारे बताते हैं कि "शैगी मेरी सेहत का असली रखवाला है. अगर वह नहीं होता, तो शायद इस उम्र में मैं रोज इतना वॉक नहीं कर पाता. शैगी मेरा वफादार साथी है, यही मेरा असली ट्रेनर है."

Last Updated : November 22, 2025 at 5:40 PM IST