बुरहानपुर के छात्र की CA फाइनल में 18वीं रैंक, पहले अटेम्प्ट में ही रचा इतिहास
बुरहानपुर के छात्र देव जालान ने सीए फाइनल में ऑल इंडिया स्तर पर 18 वीं रैंक हासिल की है. रोजाना 18 घंटे करता था पढ़ाई.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 4:35 PM IST
रिपोर्ट : सोनू सोहले
बुरहानपुर: बुरहानपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसी शख्स ने सीए फाइनल में ऑल इंडिया स्तर पर 18 वीं रैंक हासिल की है. दरअसल सुभाष नगर में रहने वाले होनहार छात्र देव जालान ने रोजाना 18 घंटे की कड़ी मेहनत से बड़ा मुकाम पाया है. उसने 600 अंकों में से 422 अंक प्राप्त किए हैं. इस उपलब्धि से बुरहानपुर सहित मध्य प्रदेश का नाम रोशन हुआ है.
सीए फाइनल परीक्षा में देश में 18 वां स्थान हासिल किया
देव जालान की इस सफलता से परिवार में खुशियों का माहौल है. माता-पिता सहित परिवार खुद को गौरान्वित महसूस कर रहा है. सोमवार को बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग देव जालान को बधाईयां देने पहुंचे. बता दें कि देव जालान ने अपने पहले ही अटेम्प में 600 में से 422 अंक हासिल किए हैं, उसने अखिल भारतीय स्तर पर टॉप 50 में 18 वां स्थान हासिल कर इतिहास रचा है.
छात्र देव जालान ने बताया कि "मैंने रोजाना 18 घंटे पढ़ाई की, परिणाम स्वरूप अखिल भारतीय स्तर पर 18वीं रैंक आई है, मैं इस उपलब्धि से काफी खुश हूं, इसका श्रेय मेरे माता-पिता को देता हूं, उन्होंने मेरी हर संभव मदद की, मुझे समय समय पर मार्गदर्शन दिया."
देव के पिता टेक्सटाईल पैकिंग मटेरियल का कारोबार करते
उद्योग नगर में देव जालान के पिता मनीष जालान टेक्सटाईल पैकिंग मटेरियल का कारोबार हैं, वह मूल रूप से राजस्थान के चुरू जिले के एक छोटे से गांव के रहने वाले हैं. हालंकि, वह 50 सालों से बुरहानपुर में रहते हैं. देव का जन्म भी बुरहानपुर में ही हुआ है, उसकी उम्र महज 22 साल की है. वह शुरुआती दौर में पिता के टेक्सटाईल कारोबार में काम कर चुका है. देव की प्रारंभिक स्कूल शिक्षा बुरहानपुर के एक निजी स्कूल में हुई है, इसके बाद देव ने सीए में करियर बनाने के लिए इंदौर में पढ़ाई पूरी की. शुरू से ही वह पढ़ाई में होशियार है, उसने सीए की तैयारी के लिए रोजाना 18 घंटे पढ़ाई की.

ये भी पढ़ें:
मनीष जालान को दो बेटे और एक बेटी है. उनकी बेटी भी मुंबई में सीए की पढ़ाई कर रही है. इसके अलावा बड़ा बेटा खुश जालान ने एमबीए की पढ़ाई की, वह अपने पिता का टेक्सटाईल पैकेजिंग का कारोबार संभाल रहा है.
बेटा चाहे जॉब करे या बिजनेस हम दोनों में राजी
पिता मनीष जालान ने बताया उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका बेटा अखिल भारत स्तर पर मेरिट लिस्ट में अपना स्थान पाएगा. उन्होंने बताया इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टेड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा आयोजित CA फाइनल परीक्षा में टॉप 50 में 18 वां स्थान हासिल किया है. उनका कहना है बेटा देव जालान जो चाहे, जॉब या बिजनेस करे, हम दोनों में राजी है.

