बुरहानपुर साइबर सेल ने बरामद किए 20 लाख कीमत के मोबाइल, फोन पाकर खुशी से उछले लोग
बुरहानपुर में साइबर सेल पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, गुम हुए 100 मोबाइल किए बरामद, फोन मिलते ही लोगों के चेहरे पर आई खुशी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 1:35 PM IST
बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में साइबर सेल की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. साइबर सेल ने 3 साल से लोगों के गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद किया है. बीते मंगलवार को एसपी आशुतोष बागरी ने बरामद किए फोन उनके मालिकों को लौटाए. पुलिस ने करीब 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. जिनकी कीम करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है. जब्त किए फोन में 1 लाख रुपए का आईफोन भी है.
पुलिस ने बरामद किए गुम हुए 100 मोबाइल
बताया जा रहा है कि जिनका भी मोबाइल गुमा हुआ था, उन्होंने सारथी ऐप, सीईआईआर पोर्टल सहित साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी. बीते 3 सालों से मोबाइल गुमने की कई शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से इन मोबाइलों को ट्रेस किया और उन्हें जब्त किया. गुम हुए मोबाइल मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से करीब 100 मोबाइल बरामद किए हैं. पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने मोबाइल के असली मालिकों को मंगलवार को एसपी ऑफिस में बुलाया और उन्हें अपने मोबाइल वापस किए है.
खुश हुए लोग, 1 लाख कीमत का आईफोन भी बरामद
इस दौरान मोबाइल मालिकों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी. उन्हें यकीन नहीं था कि उनके गुम हुए मोबाइल कभी वापस मिलेंगे. मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने पुलिस को धन्यवाद दिया. इन मोबाइल में एक आईफोन भी था, जिसकी कीमत 1 लाख रुपए थी. गुम हुआ फोन मिलने के बाद युवक ने बताया कि उसने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, क्योंकि काफी लंबा समय हो गया था, लेकिन अचानक मेरे पास साइबर सेल का फोन आया और गुम हुए फोन को वापस देने की बात कही, जिसके बाद मेरी खुशी का ठिकाना नहीं था.

- कोई ठकठकाए कार के ग्लास तो मत खोलना विंडो, नहीं तो लुट जाएगा महंगा मोबाइल फोन
- फर्जी ऐप से आर्मी मेजर को साइबर ठगों ने बनाया शिकार, मोटा मुनाफा के नाम पर 14.40 लाख ठगे
पुलिस ने लौटाए करीब 20 लाख रुपए के मोबाइल
इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी आशुतोष बागरी ने बताया कि " 3 सालों के भीतर गुम व चोरी हुए मोबाइल कई राज्यों से बरामद किए गए हैं. मंगलवार को पुलिस ने लोगों को 20 लाख रुपए की कीमत के 100 मोबाइल वापस लौटाए हैं. मोबाइल मालिकों में विद्यार्थी, घरेलू कामकाजी व्यक्तियों सहित कई लोग शामिल थे. इन लोगों के मोबाइल साइबर सेल ने खोज कर बरामद किए. इसके बाद सभी लोगों को मोबाइल सुपुर्द किए गए हैं.

