ETV Bharat / state

बुरहानपुर के बंभाड़ा गांव में तेंदुए की दस्तक, गाय को बनाया निशाना, दहशत में ग्रामीण

बुरहानपुर के बंभाड़ा गांव में मिले तेंदुए के पाग मार्क, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, ग्रामीणों से अकेले खेत की ओर न जाने की अपील.

Burhanpur Bambhada village leopard footprints
बुरहानपुर के बंभाड़ा गांव में तेंदुए की दस्तक (Source : Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 22, 2026 at 12:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बुरहानपुर: जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर शाहपुर वन परिक्षेत्र के बंभाड़ा गांव में इन दिनों तेंदुए की दहशत से ग्रामीण खासे परेशान हैं. दरअसल, शुक्रवार देर रात तेंदुए ने किसान प्रकाश पूनमचंद बारी के खेत में गाय को अपना निशाना बनाया, जिससे गाय की मौत हो गई. इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

तेंदुए की दहशत, वन विभाग हुआ एक्टिव

तेंदुए की दस्तक के बाद वन विभाग ने मोर्चा संभाल लिया है, शनिवार को डिप्टी रेंजर अरुण सातव घटना स्थल स्थल पहुंचे. उन्होंने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, पंचनामा बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया है.

Bambhada village Shahpur forest range leopard footprints
वन विभाग को तेंदुए का पगमार्क मिला (Source: Forest Department Burhanpur)

वन विभाग को तेंदुए का पगमार्क मिला

बता दें कि तेंदुए की दस्तक के बाद ग्राम पंचायत सरपंच सविता प्रमोद सागर ने गांव में मुनादी कराई है. उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, तो वहीं वन विभाग ने भी ग्रामीणों को अकेले खेत में नहीं जाने की सलाह दी है. उन्होंने ग्रामीणों को लाठी डंडे लेकर खेतों में जाने की अपील की है. गौरतलब है कि वन विभाग की टीम को मौके से तेंदुए के पगमार्क मिले हैं, इसके बाद वन विभाग ने पगमार्क के फोटो ग्राफ क्लिक किया है.

वनकर्मियों की गश्त बढ़ाई गई

अब विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाने की तैयारी शुरू कर दी है. आसपास वनकर्मियों की गश्त बढ़ाई गई है. साथ ही सतत निगरानी रखी जा रही है. ग्रामीणों को भी सावधान रहने के साथ ही तेंदुए की मूवमेंट नजर आते ही वन विभाग को सूचित करने की बात कही है.

ये भी पढ़ें:

किसान प्रकाश पूनमचंद ने बताया कि "वह रात में खेत में बने बाड़े में मवेशी को बांध घर आ गए थे. देर रात उनके बाड़े में तेंदुआ घुस गया. इस तेंदुए ने गाय पर हमला बोल दिया, इससे गाय की मौत हो गई. जैसे ही सुबह खेत में पहुंचे तो गाय मृत मिली. उसके शरीर पर गहरे घाव पाए गए. पास में तेंदुए के पगमार्क दिखाई दिए, हमने वन विभाग को सूचना दी, वनकर्मियों ने निरीक्षण किया, पंचनामा भरकर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है."

डिप्टी रेंजर अरुण सातव ने बताया कि "किसान प्रकाश पूनमचंद बारी के खेत में तेंदुए ने गाय का शिकार किया है, वन विभाग ने पंचनामा बनाया है, वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई है. लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. अब क्षेत्र में तेंदुए को कैद करने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे है.