टेलर से स्टाइलिश कपड़े सिलवाए, तिलक लगा आरती उतारी, फैमिली ने मनाया शेरू का जन्मदिन
बुरहानपुर में मावले परिवार ने मनाया वफादार श्वान का जन्मदिन, कुत्ते से कटवाया केस, विशेष खातिरदारी की गई.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 3:15 PM IST
|Updated : February 28, 2026 at 4:47 PM IST
रिपोर्ट: सोनू सोहले
बुरहानपुर: हर मां-बाप अपने बच्चे का धूमधाम से जन्मदिन मनाते हैं. बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने के लिए कोई भी कमी नहीं रहने देते. लेकिन बुरहानपुर के मावले परिवार ने अपने पालतू कुत्ते का ऐसा जन्मदिन मनाया कि हर कोई हैरान रह गया. बकायता कुत्ते के लिए नए कपड़े सिलवाए गए थे. अपने बच्चे की तरह ही कुत्ते शेरू की आरती उतारी गई फिर उससे केक कटवाया गया. मावले परिवार शेरू को 6 साल से अपने साथ रखे है, इसलिए वह उसे परिवार के सदस्य के साथ ही अपना तीसरा बेटा भी मानते हैं.
पालतू कुत्ते का मना धूमधाम से जन्मदिन
बुरहानपुर जिले के सर्वोदय नगर निवासी पशु प्रेमी राजेश मावले ने बेज़ुबान जानवरों के प्रति प्रेम का अनोखा उदाहरण पेश किया है. राजेश ने 6 साल पहले एक छोटे से श्वान को अपनाया. इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसका शेरू नाम रखा, अब शेरू सबका पसंदीदा और वफादार बन चुका है. उसके प्रति परिवार के सभी सदस्यों को लगाव बढ़ गया. 27 फरवरी को शेरू का छठवां जन्मदिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया है.

टेलर से सिलवाए नए कपड़े, केक कटवाया
मावले परिवार ने श्वान शेरू के लिए टेलर से स्टाइलिश कपड़े तैयार किए. इसके बाद शेरू को नहलाकर स्टाइलिश कपड़े पहनाए गए. परिवार के सदस्य की तरह तिलक लगाकर आरती उतारी, इसके बाद बाकायदा केक काटकर जन्मदिन मनाया. इस दौरान गली के सभी श्वानों को दूध, बिस्किट और खाद्य सामग्री खिलाई. अक्सर लोग अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों का जन्मदिन बेहद उत्साह और धूमधाम से मनाते हैं. लेकिन राजेश ने अपने पालतू श्वान शेरू का जन्मदिन धूमधाम से मनाकर इंसानों और पशुओं के बीच अनोखे प्रेम को साबित कर दिखाया है.

शेरू तो तीसरा बेटा मानता है मावले परिवार
अब मावले दंपत्ती शेरू को अपने बेटों की तरह चाहती है, उसकी परवरिश भी बेहद लाड़-प्यार से कर रहे है. रोचक बात यह है राजेश इस पालतू श्वान को भी परिवार का ही अहम हिस्सा मानते हैं. वह हर आयोजन और कार्यक्रम के निमंत्रण कार्ड में शेरू को बेटे की उपाधि देते हैं. पिछली बार उन्होंने अपनी बेटी के शादी के कार्ड में शेरू राजेश मावले नाम छपवाया था.
बर्थडे पर घर को सजाया गया
जन्मदिन के मौके पर राजेश मावले की पत्नी छाया मावले, बेटे सिद्धार्थ मावले और आशीष मावले ने पूरे घर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और सजावटी सामग्री से सजाया, देर रात श्वान शेरू को नए कपड़े पहनाकर विशेष रूप से तैयार किया गया. इंसानों की तरह सोफे पर बैठाया, उसके सामने टेबल पर शेरू भैया नाम लिखा केक पेश किया. राजेश और उसकी पत्नी छाया ने श्वान के माथे पर तिलक लगाया, उसकी आरती उतारी, उस पर पुष्प वर्षा की, इसके बाद शेरू ने केक काटा.
इस दौरान 'हैप्पी बर्थडे टू यू शेरू' की गूंज से पूरा घर गूंज उठा, बर्थडे सेलिब्रेशन में मौजूद लोगों शेरू को ढेर सारी बधाईयां दी हैं. श्वान शेरू के जन्मदिन में बच्चों और पड़ोसियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. जिसके चलते मेहमानों की जमकर खातिरदारी की गई. उन्हें केक वितरित किया और चाय-नाश्ते की भी व्यवस्था कराई.
- बेजुबान जानवरों का मसीहा बना रतलाम का ये ग्रुप, अस्पताल खोल फ्री में कर रहा इलाज
- पेट डॉग 'शेरा' के निधन पर रोया पूरा गांव, बैंड-बाजे के साथ हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार
- मंदसौर में बेजुबान से हैवानियत, खेत में घुसने पर युवक ने पड़ोसी के कुत्ते को मारी गोली
शेरू को दिया बराबरी का दर्जा
पशु प्रेमी राजेश मावले ने बताया कि, ''शेरू सिर्फ उनका पालतू जानवर नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य है, वह हर सुख-दुख में उनके साथ रहता है, इसलिए वह शेरू को अपना तीसरा बेटा मानते हैं. पारिवारिक कार्यक्रमों में शेरू को भी बराबरी का दर्जा मिलता है.'' उनका कहना है शेरू परिवार के सदस्यों की तरह सम्मान का हकदार हैं.
छाया मावले ने बताया कि, ''विगत 6 वर्षों से अपने बच्चों की तरह परवरिश की है, वह हमारा सबसे छोटा बेटा है. उसके लिए भी सभी त्योहारों पर कपड़े खरीदते है, शेरू की देखभाल इंसानों की तरह करते हैं. उसके खानपान का विशेष ध्यान रखते है, ताकि उसको भी बेटों की तरह बराबरी का दर्जा दिया जाए. वह काफ़ी वफादार है, पूरी रात परिवार की रखवाली करता है. वह भी प्यार और सम्मान का हकदार है.''

