बूंदी पुलिस ने बरामद किए 15 लाख के 70 मोबाइल, पाकर खिले मालिकों के चेहरे
पुलिस की अपील, यदि किसी का मोबाइल चोरी या गुम हो तो तुरंत नजदीकी थाने अथवा साइबर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं.

Published : February 13, 2026 at 4:08 PM IST
बूंदी: जिले में पुलिस ने विशेष साइबर अभियान के तहत लगभग 15 लाख रुपए के 70 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को असली मालिकों को सौंपे. बूंदी पुलिस की टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग के जरिए गुम मोबाइल फोनों का पता लगाया.
पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा ने एसपी ऑफिस में मीडिया को बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों से गुम 70 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए. बरामद मोबाइल की कीमत लगभग 15 लाख रुपए है. इन मोबाइल फोन को एसपी ने उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा. अपने मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल गए.
पढ़ें:बीकानेर पुलिस ने बरामद किए 40 लाख के गुम और चोरी गए 170 मोबाइल फोन
CEIR पोर्टल से मिली तकनीकी मजबूती: एसपी ने बताया कि पूरी कार्रवाई में CEIR पोर्टल की भूमिका महत्वपूर्ण रही. पुलिस टीमों ने कई दिन तकनीकी विश्लेषण कर पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस किया. पोर्टल की मदद से मोबाइल की आईएमईआई संख्या के आधार पर लोकेशन और उपयोग की जानकारी लेकर इन्हें बरामद किया. एसपी ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल चोरी या गुम हो तो तुरंत नजदीकी थाने अथवा साइबर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं. इसके अतिरिक्त CEIR पोर्टल पर भी ऑनलाइन गुमशुदगी दर्ज करा सकते हैं. इससे मोबाइल को शीघ्र ट्रेस किया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि समय पर सूचना देने से मोबाइल की बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है. गुमशुदा फोन का दुरुपयोग रोका जा सकेगा.
पढ़ें:मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाने थाने पहुंचे डीसीपी, जानिए पूरा मामला

