बूंदी: जमीन विवाद में घायल महिला की मौत के बाद हंगामा, थाने के सामने शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन
बूंदी के नैनवां में जमीन विवाद में घायल महिला की दो महीने इलाज के बाद मौत हो गई. हत्या का मामला दर्ज करने की मांग.

Published : August 27, 2026 at 8:06 PM IST
बूंदी: जिले के नैनवां कस्बे में मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की जयपुर में उपचार के दौरान मौत के बाद गुरुवार को नैनवां में माहौल गरमा गया. मृतका का शव नैनवां थाने के सामने रखकर परिजनों और समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ माली समाज के लोग भी शामिल रहे.
मामले में नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह ने बताया कि आक्रोशित लोगों से समझाइश चल रही है. प्रदर्शनकारियों की ओर से शिकायत दी गई है. उधर प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 27 जून को खातेदारी जमीन के विवाद को लेकर महिला राधाबाई के साथ मारपीट की गई थी. मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उनका जयपुर में उपचार चल रहा था. करीब दो माह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 27 अगस्त को उपचार के दौरान राधाबाई की मौत हो गई. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. दोपहर बाद शव नैनवां पहुंचने के बाद परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में थाने के सामने एकत्र हो गए.

इसे भी पढ़ें- प्रेमी ने रेता प्रेमिका का गला: परिजनों ने थाने के सामने दिया धरना, कहा, 'हत्या में और लोग भी शामिल'
हत्या का मुकदमा दर्ज करने पर अड़े परिजन: मृतका के पुत्र दुर्गाशंकर ने पुलिस को परिवाद देकर मारपीट के आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की. परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि महिला के साथ मारपीट की घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन मामले में अपेक्षित प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. उनका कहना था कि यदि समय रहते मामले में सख्त कार्रवाई होती तो शायद स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राधाबाई की मौत मारपीट में लगी गंभीर चोटों के बाद उपचार के दौरान हुई है. ऐसे में पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि महिला की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है.
थाने के बाहर शव रखकर जताया आक्रोश: प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की. परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे और कार्रवाई का स्पष्ट आश्वासन मिलने तक शव नहीं उठाने की बात कही. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. डीएसपी ओमप्रकाश मीणा, नैनवां थानाधिकारी सहदेव मीणा, देई थाना अधिकारी हनुमान सहाय तथा तहसीलदार भोपाल सिंह ने प्रदर्शनकारियों और मृतका के परिजनों से बातचीत की. नैनवां थानाधिकारी सहदेव मीणा ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
अधिकारियों की समझाइश, बातचीत जारी: अधिकारियों ने परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली और उनकी मांगों को सुना. पुलिस-प्रशासन की ओर से नियमानुसार जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. आक्रोशित परिजनों की मांग है कि पुलिस प्रशासन लिखित में आश्वासन दे. उसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- चाकूस में करंट से बालक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने थाना के सामने लगाया जाम

