नैनवां में दर्दनाक हादसा: फार्म पॉन्ड में डूबने से दो सगे चचेरे भाइयों की मौत, खुशियां मातम में बदलीं
नैनवां में एक पारिवारिक समारोह में आए दो चचेरे भाइयों की फार्म पॉन्ड में नहाते समय पानी में डूबने से मौत हो गई.

Published : June 27, 2026 at 7:17 AM IST
बूंदी : जिले के नैनवां उपखंड क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां के बीजलबा गांव में शुक्रवार शाम को फार्म पॉन्ड (खेत तलाई) में नहाने गए दो सगे चचेरे भाइयों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. इस दुखद हादसे ने पलभर में दो परिवारों की खुशियों को चीख-पुकार में बदल दिया. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि मृतकों की पहचान 16 वर्षीय अंकित पुत्र सूरजमल और 18 वर्षीय किरोड़ी पुत्र हेमराज के रूप में हुई है. दोनों किशोर करवर थाने के अंतर्गत आने वाले फटूकड़ा गांव के निवासी थे. वे दोनों गुरुवार को ही बीजलबा गांव में अपने रिश्तेदार शोपाल के घर आयोजित एक रसोई (पारिवारिक भोज) कार्यक्रम में शामिल होने आए थे.
इसे भी पढ़ें: सीकर में दर्दनाक हादसा: वाटर टैंक की सफाई करते समय दो की मौत, एक किशोर परिवार का इकलौता बेटा
शुक्रवार की शाम दोनों भाई शोपाल के बेटे के साथ पास ही स्थित एक फार्म पॉन्ड में नहाने के लिए चले गए. नहाते-नहाते दोनों किशोर पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और गहरे पानी की ओर बढ़ गए. तैरना न आने के कारण वे दोनों पानी में छटपटाने और डूबने लगे. उनके साथ मौजूद बालक ने जब दोनों को डूबते देखा, तो वह बुरी तरह घबरा गया और तुरंत दौड़कर गांव पहुंचा. उसने परिजनों और ग्रामीणों को पूरी बात बताई. सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर दोनों किशोरों को फार्म पॉन्ड से बाहर निकाला. इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को नैनवां उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही नैनवां थाना प्रभारी सहदेव सिंह मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. तहसीलदार रामराय मीणा भी उप जिला अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें: दर्दनाक हादसा : बच्चे को बचाने पार्वती नदी में उतरे 4 लोगों की डूबने से मौत

