ETV Bharat / state

Bundi Conflict : आलोद कस्बे में धार्मिक स्थल पर रंग फेंकने से तनाव, कई लोग डिटेन

एसपी मीणा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, ताकि मुख्य आरोपी पकड़े जा सकें.

Communal Tension in Bundi
आलोद कस्बे में जुलूस के दौरान मौजूद लोग (ETV Bharat Bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 4, 2026 at 3:58 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के आलोद कस्बे में बुधवार दोपहर एक जुलूस के दौरान धार्मिक स्थल पर रंग फेंकने की घटना से तनाव का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बूंदी से अतिरिक्त पुलिस बल कस्बे में तैनात करना पड़ा. इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को डिटेन ​भी किया गया है. इसके बाद हालात सामान्य हो गए.

जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि बुधवार दोपहर होली का जुलूस कस्बे के मुख्य बाजार मार्ग से होकर गुजर रहा था. इसी दौरान जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल पर काला रंग फेंक दिया. इसकी सूचना फैलते ही समुदाय विशेष के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और विरोध जताने लगे. कुछ समय के लिए दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए भीड़ को शांत कराया और दोनों पक्षों से समझाइश की. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ आलोद पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने समुदाय विशेष के प्रतिनिधियों से बातचीत कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद माहौल धीरे-धीरे शांत हुआ.

Communal Tension in Bundi
विधायक चांदना की पोस्ट (ETV Bharat Bundi)

पढ़ें: Holi 2026 : डूंगरपुर में रंग-गुलाल नहीं पत्थरों से खेली गई खूनी होली, 31 घायल

एसपी मीणा ने बताया कि धार्मिक स्थल पर रंग फेंकने के मामले में आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को डिटेन किया गया है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके. पुलिस ने कस्बे में एहतियातन अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर दिया है और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है.

आलोद घटना पर विधायक ने लिखा: दंगा भड़काने की कोशिश करने वालों को गिरफ्तार करें: आलोद गांव में बुधवार को एक धर्मस्थान के बाहर धुलंडी के जुलूस के दौरान काला रंग फेंके जाने की घटना की हिंडोली विधायक अशोक चांदना ने निंदा की है. उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि आलोद में होली के पावन पर्व पर कुछ घटिया और भड़काऊ मानसिकता के लोगों ने एक मस्जिद पर काला पदार्थ फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की है. विधायक ने लिखा, 'मैं प्रशासन, पुलिस और मुख्यमंत्रीजी से अपील करता हूं कि इस कृत्य में शामिल हुड़दंगियों के विरुद्ध तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा दंगा भड़काने की कोशिश करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए.

खेल में खेल में हुआ विवाद मारपीट में बदला: धौलपुर जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र के संडपुरा गांव में खेलने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कहासुनी के बाद मारपीट और फायरिंग में छावड़ीपुरा निवासी अंकेश के पैर में गोली लग गई. उसे बचाने पहुंचे छैलप्रकाश को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से पीटा. दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. अस्पताल चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जारी है. सीओ महेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अलवर में गर्भवती पर हमला, पेट में पल रहे शिशु की मौत: अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के जातपुर धीवर में दो पक्षों में मारपीट का खामियाजा एक गर्भवती महिला को भारी पड़ा. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे सैटेलाइट अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में महिला ने बच्चे को जन्म दिया, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. पीड़ित परिजन हुकुम सिंह के अनुसार करीब 5 दिन पहले कुछ लोग घर के पास स्थित प्लॉट में जबरन पानी छोड़ रहे थे.

विरोध करने पर रामजीलाल, सतीश, चिरंजी समेत 10-15 लोगों ने लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया. हमले में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल थी. अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि महिला के गर्भ में पल रहे शिशु की तीन दिन पहले ही मौत हो चुकी थी. बाद में महिला की डिलीवरी कराई गई, जिसमें मृत बच्चे का जन्म हुआ. उद्योग नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.