दिल्ली-नागपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर लगाएगा बुंदेलखंड को पंख, झांसी डिफेंस कारीडोर देगा ताकत
दिल्ली-नागपुर इकॉनामिक कॉरिडोर पर इंडस्ट्रियल पार्क बुदेलखंड के लिए बनेगा गेमचेंजर. सागर में 24 हजार करोड़ होगा निवेश. कपिल तिवारी की रिपोर्ट


By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 26, 2026 at 5:06 PM IST
सागर : लंबे समय से औद्योगिक विकास की राह देख रहे बुंदेलखंड की उम्मीदें अब परवान चढ़ने लगी हैं. दिल्ली-नागपुर इकॉनामिक कॉरिडोर के तहत सागर में इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जा रहा है. देश के सबसे बड़े नेशनल हाइवे 44 पर स्थित मसवासी ग्रंट गांव में ये इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित किया जा रहा है. इसको भविष्य में झांसी डिफेंस कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है. सागर के मसवासी ग्रंट में स्थापित किया जा रहा ये इंडस्ट्रियल पार्क 650 हेक्टेयर भूमि पर 540 करोड़ की लागत से विकसित किया जाएगा. इसी कड़ी में हाल ही में मसवासी ग्रंट को विकसित करने के लिए 300 करोड़ के टेंडर की प्रक्रिया चल रही है.
पीएम मित्र पार्क की तर्ज पर होगा विकसित
मसवासी ग्रंट में इंडस्ट्रियल पार्क पीएम मित्र पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाना है. यहां निवेशकों को लुभाने के लिए भरपूर छूट और कम दरों पर जमीन और सुविधाएं मुहैया करायी जाएंगी. उद्योगों को लुभाने एक रुपए प्रति वर्ग मीटर में प्लॉट निवेशकों को मिलेंगे. एक रुपए वर्ग मीटर दर और डेवलपमेंट कॉस्ट एक समान किश्तों में 20 साल में वसूले जाएंगे.
मेटेंनेंस शुल्क 8 रुपए प्रति वर्ग मीटर वार्षिक तय किया गया है. वहीं निवेशकों को स्टाम्प और पंजीयन शुल्क में 100 प्रतिशत प्रतिपूर्ति की स्वीकृति दी गई है. इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों को वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करने की तारीख से 5 सालों तक विद्युत शुल्क में छूट दी गई है.

24 हजार करोड़ निवेश, 29 हजार रोजगार
मसवासी ग्रंट इंडस्ट्रियल एरिया को झांसी के डिफेंस पार्क से भी कनेक्ट किए जाने की योजना है. मसवासी ग्रंट इंडस्ट्रियल पार्क नेशनल हाइवे 44 से लगा हुआ है. झांसी नजदीक होने के कारण इसे डिंफेस पार्क से जोड़ने की योजना पर भी काम किया जा रहा है. यहां डिफेंस से जुड़ी इंडस्ट्री को भी निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा. राज्य सरकार के अनुमान के मुताबिक यहां पर 24 हजार 240 करोड़ रुपए के निवेश के रास्ते खुलेंगे. इस निवेश से सीधे तौर पर 29 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है.

- भोपाल से आगरा का सफर सिर्फ 7 घंटे में, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे चमकाएगा पर्यटन और व्यापार
- मध्य प्रदेश में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का सर्किट प्लान, सिमट जाएंगी बड़े शहरों की दूरियां
इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने 300 करोड़ के टेंडर
सागर की नरयावली विधानसभा के अंतर्गत आने वाले मसवासी ग्रंट इंडस्ट्रियल पार्क को लेकर स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया ने ईवी भारत को बताया "हम सब जानते हैं कि उद्योग विकास की नई राह को खोलते हैं और मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि जितना भी इंडस्ट्रियल एरिया है, वह हमारा नरयावली विधानसभा में है. चाहे हम सिंदगुवां की बात करें या फिर बाछलोन की या फिर नए दिल्ली नागपुर कारीडोर की, ये हमारे मसवासी में आया है."
विधायक प्रदीप लारिया का कहना है " प्रारंभिक चरण में इसे विकसित किए जाने के लिए 300 करोड की टेंडर प्रक्रिया हो गयी है. कुल मिलाकर पूरे इंडस्ट्रियल एरिया का विकास होगा, उसके बाद जो लोग वहां पर इंडस्ट्री शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए सुनहरा अवसर होगा."

