बुंदेलखंड में भीषण गर्मी का कहर, हर जिले में पारा 44 के पार, घर से निकलना मुश्किल, लू की एडवायजरी
बुंदेलखंड में अप्रैल महीने में ही गर्मी ने बिगाड़े हालात, तेज धूप और गर्म हवाओं से बेहाल हुए लोग, मौसम विभाग की लू की चेतावनी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 27, 2026 at 1:22 PM IST
|Updated : April 27, 2026 at 3:42 PM IST
सागर: अप्रैल के मौसम में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है. आमतौर पर गरमी के मौसम में अप्रैल माह में पारा इतने ऊपर नहीं जाता था, लेकिन आलम ये है कि बुंदेलखंड के हर जिले में पारा रविवार को 44°C के पार पहुंच गया और मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को एडवायजरी जारी की है. रविवार को मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में 45°C दर्ज किया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि, पारा सामान्य तापमान से 4-5 °C ज्यादा जा रहा है. बुंदेलखंड के टीकमगढ़, छतरपुर और निवाड़ी में तापमान काफी ज्यादा दर्ज किया गया है. अभी एक दो दिन ऐसे ही हालत रहने के आसार है. मौसम विभाग का कहना है कि बुंदेलखंड सहित पूरे मध्य प्रदेश में आने वाले दो दिनों तक लू के हालात रहेंगे.
बुंदेलखंड में पारा हाई, लू की चेतावनी की जारी
पूरा मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गरमी की चपेट में है. बुंदेलखंड की बात करें, तो बुंदेलखंड में प्रदेश भर से तापमान सबसे ज्यादा हाई जा रहा है. यहां हालात ये है कि रविवार के दिन बुंदेलखंड के तमाम जिलों में पारा 44 के आसपास और ऊपर दर्ज किया गया है. बुंदेलखंड के संभागीय मुख्यालय सागर की बात करें, तो सागर में रविवार को अधिकतम तापमान 44.4 °C दर्ज किया गया है. सागर का न्यूनतम तापमान भी 27 °C दर्ज किया गया है. विश्व पर्यटन केंद्र खजुराहो में तो पारा 45 °C को छू गया. ऐसे ही हाल दूसरे जिले दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर और निवाड़ी के हैं.

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिक एच एस पांडे का कहना है कि, ''पिछले 24 घंटे में देखें, तो मध्य प्रदेश का जो अधिकतम तापमान था, वह अधिकांश स्थानों पर काफी ज्यादा है. कहीं-कहीं पर 4 से 5 °C अधिक है. अधिकांश स्थानों पर लू की स्थिति दिखाई दे रही है. खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश यहां पर दिन का अधिकतम तापमान 3-4 °C और कहीं-कहीं पर 4-5 °C ज्यादा है. मध्य प्रदेश के उत्तरी भाग जिसमें छतरपुर, टीकमगढ, निवाड़ी और साथ ही उमरिया, सतना, सीधी और रीवा में तापमान काफी ज्यादा है.

तापमान की रेंज 42-45 °C तक है. साथ ही साथ पश्चिमी मध्य प्रदेश की तरफ देखें, तो ग्वालियर और चंबल संभाग में 43-44 °C के आसपास बना हुआ है. साथ ही रात का न्यूनतम तापमान इंदौर में 29 °C और उज्जैन में 27 °C दर्ज किया गया है. जो कि सामान्य से 6 °C अधिक है. यहीं स्थिति आने वाले दो दिन आज और कल पूरे मध्य प्रदेश में बनी रहेगी. अधिकांश स्थानों में लू की स्थिति है. मध्य प्रदेश में तापमान की स्थिति लू के जैसी है.

- छिंदवाड़ा में गर्मी ने मचाया तांडव, हीट स्ट्रोक से एक साथ कई कबूतरों की मौत
- मध्य प्रदेश में गर्मी ने उड़ाई नींद, इंदौर-उज्जैन की रात सबसे गर्म, 27 अप्रैल से झमाझम बारिश
- सागर में पारा पहुंचा 43 के पार, 4 दिन पहले ही 8वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश

मौसम विभाग की एडवायजरी
लू के हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को एडवाइजरी जारी की है. सागर मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी विवेक क्षेत्रोले का कहना है कि, ''अभी तीन-चार दिन और मौसम की यही हाल रहने वाले हैं.'' मौसम विभाग ने सलाह दी है कि-
- प्रचुर मात्रा में पानी पीएं और कोशिश करें कि 12 बजे 4 बजे तक सूरज की सीधी रोशनी से बचें.
- गरमी के संपर्क से बचें, हल्के वजन और हल्के रंग के सूती के कपड़े पहने और टोपी या छाता का प्रयोग करें.
- अगर मजबूरी में घर से निकलना पड़ रहा है, तो छायादार इलाकों में रहने की कोशिश करें.
- घर से निकलने पर पानी, दवाईयां और जल्द खराब ना होने वाला खाना साथ में रखें.
- बाहर सफर की स्थिति में गरमी और लू से बचने के उपाय साथ में रखें.

