संभल में मजार पर चला बुलडोजर, चरागाह की सरकारी जमीन पर बनाया था, 20 मिनट में किया जमींदोज
प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में करीब 20 मिनट तक कार्रवाई की और सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 6:34 PM IST
संभल : सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. अब रायसत्ती थाना क्षेत्र के नीमखेड़ा बझैड़ा गांव में चारागाह की सरकारी जमीन पर बनाई गई एक और मजार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया. प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में करीब 20 मिनट तक कार्रवाई की और सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया. मजार का निर्माण चारागाह की जमीन पर अवैध कब्जा कर किया गया था.
मामला रायसत्ती थाना क्षेत्र के नीमखेड़ा बझैड़ा गांव की हैं, जहां सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध धार्मिक स्थल के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है. गाटा संख्या 118 की 23 बीघा जमीन चारागाह के लिए राजस्व में दर्ज है. सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मजार बनाए जाने की जानकारी प्रशासन को मिली थी. इसके बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जमीन की स्थिति की जांच के बाद अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की गई.
कार्रवाई के दौरान मौके पर राजस्व विभाग के 6 से अधिक कर्मचारी मौजूद रहे. किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तीन थानों की पुलिस और पीएसी फोर्स भी तैनात रही. प्रशासन ने बुलडोजर से मजार को ध्वस्त कर दिया. करीब 20 मिनट तक चली कार्रवाई के बाद सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया.
असमोली सीओ अमन सिंह ने बताया कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. राजस्व अभिलेखों में जमीन की स्थिति की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें : मेरठ में मासूम पर तीन बार स्कूटी चढ़ाने की कोशिश, नाली में गिरा, ट्यूशन पढ़कर घर जा रहा था बच्चा, पुलिस दे रही दबिश

