महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर चला बुलडोजर; 40 डिसमिल सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण, जारी की गई थी नोटिस
अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा ने बताया कि प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 7, 2026 at 9:06 PM IST
महराजगंज : जिले के भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली नगर पंचायत पर मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने लगभग 40 डिसमिल सरकारी भूमि को बुलडोजर चलाकर खाली कराया है. भारी पुलिस बल, एसएसबी और नगर पंचायत की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया.
उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध अतिक्रमण और भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को महराजगंज के भारत नेपाल बॉर्डर पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की.
सोनौली नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी के मुताबिक, एसएसबी कैंप के समीप स्थित लगभग 40 डिसमिल सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल, एसएसबी के जवान और नगर पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
सोनौली नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा ने बताया कि एसएसबी कैंप के बगल स्थित सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया था. संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी कर भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय तक कब्जा नहीं हटाया गया. इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया.
उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है. सुरक्षा एजेंसियों की जरूरतों को देखते हुए इस भूमि को एसएसबी को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सीमा क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर चला बुलडोजर; नो मेंस लैंड पर बना धार्मिक स्थल ध्वस्त, भारी पुलिस बल तैनात

