कबाड़ व्यवसायी के मकान पर बुलडोजर एक्शन, पुल गायब करने वाले मुख्य आरोपी का टूटा 2 मंजिला मकान
कोरबा पुल चोरी कांड के मास्टरमाइंड मुकेश साहू पर बुलडोजर एक्शन हुआ है. उसका मकान गिरा दिया गया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 21, 2026 at 10:29 PM IST
कोरबा: शहर में पुल चोरी कांड के मुख्य आरोपी पर कोरबा जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है. पुल चोरी के मुख्य आरोपी और कबाड़ व्यवसायी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी के शहर के राताखार स्थित मकान पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया है. गुरुवार को नगर निगम और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई कर दी. निगम अमले के साथ 150 से अधिक पुलिस बल की मौजूदगी में दो मंजिला मकान को बुलडोजर से ढहा दिया गया. इस कार्रवाई के दौरान तनाव की स्थिति भी निर्मित हुई. लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में विरोध के बावजूद बुलडोजर चलता रहा.
पुल चोरी का मास्टरमाइंड मुकेश
मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी कोरबा में हुए चर्चित पुल चोरी मामले का मुख्य आरोपी है. प्रशासन पुलिस के अनुसार कबाड़ के धंधे की आड़ में वह लंबे समय से अवैध गतिविधियों में लिप्त है. उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं. शहर में अवैध कब्जा कर गोदाम और दुकानें चलाने के भी आरोप हैं.
कोरबा प्रशासन की टीम को रोकने की कोशिश
बुधवार को बुलडोजर एक्शन की सूचना मिलते ही मुकेश ने प्रशासन का रास्ता रोकने की कोशिश की. घर तक टीम न पहुंच सके, इसके लिए उसने घर के बाहर कई वाहनों के टायर निकालकर सड़क पर खड़े कर दिए थे. रास्ता ब्लॉक कर प्रशासनिक अमले को रोकने की योजना बनाई थी. लेकिन निगम और पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए वाहनों को हटाकर कार्रवाई की.

भारी विरोध के बीच चला बुलडोजर
जैसे ही प्रशासन का बुलडोजर दो मंजिला मकान के पास पहुंचा. घर के सदस्य और बड़ी तादात में यहां पहुंचे लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, महिलाओं के साथ ही परिवार के लोगों ने हंगामा किया और कार्रवाई को रोकने का दबाव भी बनाया. माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था. प्रशासन और पुलिस की टीम पूरी तैयारी के साथ दलबल के साथ यहां पहुंची हुई थी. विरोध चलता रहा और दूसरी तरफ बुलडोजर एक्शन भी जारी रहा.

एक महीने पहले भी हुई थी कार्रवाई
यह पहली बार नहीं है जब बरबट्टी पर कार्रवाई हुई है. इससे पहले भी पुलिस उसका गोदाम सील कर चुकी है. वही शहर के राताखार, मुड़ापार और कोरकोमा रोड स्थित उसकी कबाड़ दुकानों को भी सील किया जा चुका है. प्रशासन की टीम लगभग 1 महीने पहले भी मकान तोड़ने के लिए पहुंची थी. लेकिन तब मुकेश ने कोर्ट से स्टे लाकर कार्रवाई को टाल लिया था.
कोरबा नगर पालिका निगम का बयान
नगर पालिक निगम के आयुक्त आशुतोष पांडे ने बताया कि पूर्व में मुकेश को कोर्ट से स्टे मिला था. लेकिन अब कोर्ट के आदेश और नियमों का पालन करते हुए विधिवत कार्रवाई की जा रही है. मुकेश का मकान सरकारी जमीन पर बनाया गया है. जो की पूरी तरह से अवैध है. पहले भी वह पुल चोरी करने का भी मुख्य आरोपी रहा है. इस तरह के अवैध गतिविधियों में शामिल रहने की वजह से मुकेश के ऊपर यह कार्रवाई की गई है.

