ETV Bharat / state

बेतिया राज की सैकड़ों एकड़ जमीन पर अब चलेगा बुलडोजर, अतिक्रमण करने वाले 350 घरों को नोटिस

बेतिया राज की जमीन पर जो लोग कब्जा जमाए हैं उनके लिए यह खबर महत्वपर्ण है. सरकार एक्शन करने जा रही है. पढ़ें

Bettiah Raj encroached land
भितहा अंचलाधिकारी मनोरंजन शुक्ला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 5, 2026 at 8:03 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पश्चिम चंपारण : बिहार के विभिन्न जिलों में बुलडोजर एक्शन देखने को मिल रहा है. अब पश्चिम चंपारण में भी 'पीला पंजा' का प्रहार देखने को मिलेगा. दरअसल, बगहा अनुमंडल के भितहा प्रखंड में बेतिया राज की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अंचल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है.

बेतिया राज की जमीन से हटेगा अतिक्रमण : वर्षों से अवैध कब्जे में पड़ी बेतिया राज की सैकड़ों एकड़ जमीन को खाली कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इस क्रम में चिन्हित जमीन पर बसे सैकड़ों परिवारों को नोटिस जारी किया जा रहा है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.

Bettiah Raj encroached land
लोगों को थमाया गया नोटिस (ETV Bharat)

'सैकड़ों घर अवैध रूप से बनाए गए हैं' : भितहा अंचलाधिकारी मनोरंजन शुक्ला ने बताया कि हथुआहवा पंचायत अंतर्गत जमुनिया गांव में बेतिया राज की जमीन पर 80 से अधिक घर बने हुए हैं, जबकि भुईंधरवा गांव में करीब 115 से ज्यादा घर अवैध रूप से बसे पाए गए हैं. इसके अलावा मच्छहा पंचायत, डीही पकड़ी और खैरवा पंचायत में भी बेतिया राज की जमीन पर लोगों द्वारा घर बनाए जाने की पुष्टि हुई है.

''अंचल प्रशासन के अनुसार कुल मिलाकर लगभग 350 घर बेतिया राज की जमीन पर अतिक्रमण कर बने हुए हैं, जिन्हें हटाया जाना है. सभी चिन्हित स्थलों का भौतिक सत्यापन (स्थलीय जांच) पूरा कर लिया गया है. संबंधित लोगों से जमीन से जुड़े वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है.''- मनोरंजन शुक्ला, भितहा अंचलाधिकारी

Bettiah Raj encroached land
अतिक्रमण करने वाले लोगों में हड़कंप (ETV Bharat)

भूमि खाली करने का निर्देश : अंचलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों के पास जमीन के वैध दस्तावेज नहीं हैं, उन्हें जल्द से जल्द भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही बेतिया राज की जमीन पर अवैध रूप से चल रही जमाबंदी को रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि हर हाल में बेतिया राज की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.

''इस संबंध में अंचल स्तर से सभी आवश्यक प्रतिवेदन जिला प्रशासन को भेजे जा रहे हैं, ताकि आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके. भुईंधरवा गांव में किए गए स्थल निरीक्षण में करीब 115 घरों के अवैध कब्जे की पुष्टि के बाद सभी अतिक्रमण कारियों को नोटिस थमा दिया गया है.''- मनोरंजन शुक्ला, भितहा अंचलाधिकारी

क्षेत्र में हड़कंप : प्रशासन का कहना है कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा. किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. वहीं प्रशासनिक सख्ती से बेतिया राज की बहुमूल्य जमीन को बचाने की उम्मीद बढ़ गई है.

ये भी पढ़ें :-

बेतिया राज की जमीन पर जो लोग घर बनाए हैं उनके लिए महत्वपूर्ण सूचना, सरकार का ये फरमान जानिए

जानें बेतिया महाराज और दो पत्नियों की पूरी कहानी, जिनकी 15000 एकड़ जमीन पर नीतीश सरकार करेगी कब्जा