नकटी गांव में बुलडोजर एक्शन: पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कार्रवाई पर उठाए सवाल, सरकार को घेरा
बघेल बोले, बृजमोहन अग्रवाल के पावर को धीरे-धीरे कम कर उनका राजनीतिक अस्तित्व समाप्त कर दिया जाएगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 4, 2026 at 7:39 PM IST
रायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 29 जून को नकटी गांव में 80 से अधिक मकानों को तोड़े जाने सरकार को घेरा. भूपेश बघेल ने कहा कि हमारी सरकार के समय सेरीखेड़ी में विधायकों को प्लाट दे दिया गया था, फिर नकटी गांव में मकान उजाड़ने का क्या मतलब है ? भाजपा का दो दिवसीय चिंतन शिविर 4 और 5 जुलाई को नया रायपुर के IIM में आयोजित हो रहा है. इसको लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा और कहा की हमारी सरकार के समय IIM के प्रोफेसर और स्टूडेंट फील्ड में जाकर काम का अध्ययन करते थे.
नकटी गांव में बुलडोजर एक्शन पर सवाल
भूपेश बघेल ने नया रायपुर के IIM में भाजपा के 2 दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर कहा, "सरकार के कार्यों को IIM के स्टूडेंट और प्रोफेसर अध्ययन करते हैं. हमारी सरकार में IIM के लोग फील्ड में जाकर काम का अध्ययन करते थे. यहां पर उल्टा हो रहा है. भारतीय जनता पार्टी आईआईएम से प्रशिक्षण ले रहे हैं. इसके पहले दो बार प्रशिक्षण ले चुके हैं. दो बार के प्रशिक्षण में किस तरह के नतीजे आए. क्या नकटी गांव को कैसे उजाड़ना है यही सीख कर आए हैं. अब आईआईएम में तूता को उजाड़ने की ट्रेनिंग लेने गए हैं क्या ? सुना है वहां भी नोटिस पहुंच गई है."
उल्टा घड़े में पानी डालने से घड़े में पानी भरता नहीं है. योग्य लोगों को बाहर बिठाकर रखा गया है. अनुभवी लोगों को भाजपा ने बाहर कर दिया है. अनुभवी लोगों में अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल हो या फिर राजेश मूणत जैसे लोगों को बाहर कर दिए हैं. वर्तमान में विवेकहीन लोग हैं. यदि इनमें विवेक होता तो ये लोग नकटी गांव को उजाड़ते नहीं. पहले नकटी गांव के लोगों को मुआवजा देते उनके व्यवस्थापन की व्यवस्था करते तब उन परिवार को हटाते: भूपेश बघेल, पूर्व सीएम
कांग्रेस ने लगाया अनुभवी लोगों को बाहर बिठाने का मुद्दा
नकटी गांव में विधायक आवास बनाए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा "विधायकों को प्लाट देना है यह हमारे शासनकाल में आया था. हमारी सरकार के समय जितने भी नए विधायक थे उन सबको सेरीखेड़ी में प्लाट दे दिया गया. जब पहले ही विधायकों को सेरीखेड़ी प्लाट दिया जा चुका है, तो यहां फिर से देने की बात कहां से आ गई. विधायकों को प्लाट देने का प्रस्ताव और तोड़ने की जो करवाई है वह भारतीय जनता पार्टी की है. अधिकारी लोग 2 से 3 प्रस्ताव लेकर आए थे. ऐसे में हम नकटी गांव के लोगों का मकान नहीं तोड़ना है. क्योंकि यहां लोग पहले से काबिज हैं. इस वजह से विधायकों को प्लाट आवंटन का काम सेरीखेड़ी में किया गया."
बृजमोहन अग्रवाल के पावर को धीरे-धीरे कम कर उनका राजनीतिक अस्तित्व समाप्त कर दिया जाएगा. बलराज मधोक को लाल कृष्ण आडवाणी को मुरली मनोहर जोशी को भी इन लोगों ने नहीं छोड़ा है. वसुंधरा राजे सिंधिया, रमन सिंह, शिवराज सिंह चौहान इन सबको भी इन लोगों ने खत्म कर दिया, ऐसे में बृजमोहन अग्रवाल कहां ठहरेंगे, इस पीढ़ी को बिलासपुर से लेकर कुरूद तक खत्म किया जा रहा है: भूपेश बघेल, पूर्व सीएम
तो ताश के पत्ते की तरह बिखर जाएगी बीजेपी-बघेल
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा था कि कांग्रेस कई राज्यों में शून्य पर है, कांग्रेस प्रतिनिधि स्कूटी में जाने लायक हैं. इस बयान को लेकर भूपेश बघेल ने कहा, "बीजेपी अब तमिलनाडु और केरल जैसे राज्य में स्कूटी में जाएंगे. बहुत से राज्य हैं जहां पर बीजेपी स्कूटी में जाने लायक है, कभी उनका खाता भी नहीं खुल पाया. हम लोग तो देश के सभी राज्यों में सरकार बना चुके हैं. बीजेपी कांग्रेस की आलोचना और बदनाम किए बिना एक वोट भी नहीं पा सकती. 15 सालों से भाजपा केंद्र में हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी अपना भाषण शुरू करते हैं तो कांग्रेस से शुरुआत होती हैं, कांग्रेस के बारे में जब तक नहीं बोलेंगे तब तक उन्हें वोट नहीं मिलेगा. हमारे नाम की माला जप कर वो सत्ता में आते हैं. अगर कांग्रेस का नाम लेना छोड़ दें तो ताश के पत्ते की तरह बिखर जाएंगे."

