फरीदाबाद में देर रात अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, इंटरनेट सेवा बंद, इन रास्तों को किया गया डायवर्ट
देर रात फरीदाबाद नगर निगम की टीम ने अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की. इस कार्रवाई के चलते फरीदाबाद में इंटरनेट सेवा बंद की गई है.

Published : May 30, 2026 at 11:10 AM IST
फरीदाबाद: नगर निगम की टीम ने देर रात अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया. शनिवार सुबह तक प्रशासन की कार्रवाई जारी रही. सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके अलावा NIT क्षेत्र में करीब 21 घंटे तक इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी है. बताया जा रहा है कि एलिवेटेड रोड और RRTS कॉरिडोर निर्माण के लिए ये कार्रवाई की गई है. इस कार्रवाई के जरिए अवैध निर्माणों और अतिक्रमण को हटाया जा रहा है.
फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर कार्रवाई: इस कार्रवाई के तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बंद कर रूट को डायवर्ट किया गया है. मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक और सैनिक कॉलोनी जाने वाला मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. वहीं डीसीपी एनआईटी कार्यालय से नमस्ते चौक और मुल्ला होटल की ओर जाने वाली सड़क पर भी आवागमन रोक दिया गया. प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है.
इन रूटों को किया गया डायवर्ट: प्रशासन के अनुसार ये कार्रवाई क्षेत्र में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए की गई है. मस्जिद चौक के पास से एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है. इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ने वाला नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर भी इसी क्षेत्र से होकर गुजरने वाला है. अधिकारियों का कहना है कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के मार्ग में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाना आवश्यक था. प्रशासन ने साफ किया है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ भी आगे कार्रवाई जारी रहेगी. वहीं दोपहर 2 बजे तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रखने की सूचना जारी की गई थी.
अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर कार्रवाई: पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक "अवैध निर्माण पर पुलिस-प्रशासन ने ये कार्रवाई की है. आगे भी ये कार्रवाई जारी रहेगी. पूरे क्षेत्र में शांति है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई. विकास परियोजनाओं के लिए ये कार्रवाई जरूरी थी."

