झांसी में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर ACTION, जाम से निजात दिलाने की पहल
पानी टंकी से लेकर आर्य कन्या इंटर कॉलेज तक गरजा बुलडोजर, दुकानदारों को दी गई चेतावनी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 9:08 AM IST
झांसी: जनपद के सीपरी बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बृहस्पतिवार को प्रशासन ने एक बड़ा अभियान चलाया. नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पानी टंकी से लेकर आर्य कन्या इंटर कॉलेज तक रोड को बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण मुक्त कराया.
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कई अवैध ठेले और गुमटियां जब्त की, साथ ही सड़क घेरकर सामान बेच रहे दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया और लोगों को हिदायत दी गई कि दोबारा अतिक्रमण न करें, वरना सख्त कार्रवाई की जायेगी.
अतिक्रमण अभियान के दौरान, मौके पर नगर निगम के साथ स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और ट्रैफिक की पुलिस की टीम भी मौजूद रही. सीपरी बाजार ओवर ब्रिज के नीचे सड़कों पर अवैध दुकानों के कारण लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. टीम ने सड़क किनारे सजी अवैध दुकानों को हटवाया और पक्के अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से तुड़वाया दिया.
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त राहुल यादव ने बताया कि सीपरी बाजार में पब्लिक को जाम की वजह से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था. इसलिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान सड़क किनारे लगी गुमटियों को जब्त किया गया है और फुटपाथ के दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया है.
ये भी पढ़ें: अवैध अतिक्रमण के खिलाफ संभल में चला बुलडोज़र, सरकारी भूमि पर बनी मज़ार सहित अतिक्रमण हटाया गया
ये भी पढ़ें: बरेली में अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई; अधिकारी बोले- 'मुख्यमंत्री पोर्टल पर IGRS रिपोर्ट के बाद लिया गया एक्शन'

