ETV Bharat / state

बिल्डर ने की महिला डॉक्टर से 51 लाख की ठगी, अधूरा मकान छोड़कर आरोपी बाप बेटे फरार

रायपुर में मकान बनाने के नाम पर महिला डॉक्टर से 51 लाख की ठगी की गई है.आरोपी बिल्डर ऑफिस बंद कर फरार है.

Builder defrauds female doctor
बिल्डर ने की महिला डॉक्टर से 51 लाख की ठगी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 26, 2026 at 4:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर : रायपुर कमिश्नरेट के तेलीबांधा थाना अंतर्गत मकान निर्माण के नाम पर 51 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है. महिला पशु चिकित्सक डॉक्टर के साथ बिल्डर ने मकान बनाकर देने का वादा किया था. लेकिन आधा अधूरा मकान बनाकर छोड़ दिया. महिला पशु चिकित्सक डॉक्टर ने बिल्डर मोहित सोलंकी और उसके पिता गुलाब सिंह सोलंकी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में धोखाधड़ी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में केस रजिस्टर्ड कराया है.



मोहित सोलंकी प्रोपराइटर ने दिया धोखा

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि "महिला पशु चिकित्सक डॉक्टर स्नेह लता दास वर्तमान में भाटागांव स्थित सांई विला कॉलोनी में रहती है. उन्होंने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि साल 2021 में सद्दू स्थित अविनाश कैपिटल होम्स 2 में 1489 वर्ग फीट का प्लाट खरीदा था. इस पर मकान निर्माण के लिए 16 मार्च 2023 को पीड़ित महिला ने मोहित सोलंकी प्रोपराइटर यूके कॉन्सेप्ट डिजाइनर से अनुबंध किया गया था. निर्माण कार्य 2023 से शुरू होकर 22 मई 2024 तक मकान पूरी तरीके से तैयार करके देना था, लेकिन बिल्डर ने आधा अधूरा मकान तैयार करने के बाद फरार हो गया है. पीड़ित महिला पशु चिकित्सक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है."



पीड़ित महिला की शिकायत के मुताबिक मकान निर्माण की कुल लागत 51 लाख 916 रुपए तय हुई थी. उन्होंने अपनी जीवन भर की बचत, रिश्तेदारों से उधार और भारतीय स्टेट बैंक से 45 लाख रुपए का होम लोन लेकर समय-समय पर बिल्डर को 51 लाख 31 हजार 887 रुपए भुगतान कर दिया. पीड़ित महिला ने सभी भुगतान बैंक के माध्यम से किए है- अजय झा, थाना प्रभारी




आरोपी हुए फरार

पीड़ित का आरोप है कि बिल्डर मोहित सोलंकी और उसके पिता गुलाब सिंह सोलंकी ने मकान का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया है. अधूरा ढांचा खड़ा कर दिया है. प्लास्टर ईंट का काम भी पूरा नहीं हो पाया है. फिनिशिंग सहित कई जरूरी निर्माण कार्य बाकी है. पीड़ित के मुताबिक आरोपी पिता पुत्र पूरी राशि लेने के बाद निर्माण कार्य को बंद करने के साथ ही अपने कार्यालय को भी बंद कर दिया है. बिल्डर अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके फरार हो गए हैं.