गुरुग्राम में करोड़ों की ठगी के मामले में बिल्डर गिरफ्तार, निवेश के नाम पर वकीलों से लिया था फ्रेंडली लोन
फ्लैट देने के नाम पर ठगी करने के आरोप में एक बिल्डर को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Published : February 28, 2026 at 8:51 PM IST
गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम में करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में बिल्डर Vipul Ltd. के CEO/MD/CFO पुनीत बेरीवाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया.
करोड़ों रुपये के चेक बाउंसः मामला हरियाणा के विभिन्न जिलों में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं से 6 करोड़ रुपये की कथित ठगी से जुड़ा है. शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2024 में कंपनी के नए प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर वकीलों के एक समूह से ‘फ्रेंडली लोन’ लिया गया था और कम समय में रकम दोगुनी कर लौटाने का आश्वासन दिया गया था. आरोप है कि बाद में संपर्क तोड़ लिया गया. इसी बीच भुगतान के लिए जारी किए गए करोड़ों रुपये के चेक बाउंस हो गए.
वी क्लब को बेचकर रकम चुकाने का था वादाः शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि आरोपी ने सोहना रोड स्थित वी क्लब को बेचकर रकम लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं किया गया. विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने IPC की धारा 406, 420 और 120B सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
कई थानों में दर्ज हैं मामलेः वकील दीपक कुंडू ने बताया कि "आरोपी के खिलाफ इस तरह की कई अन्य शिकायतें भी विभिन्न थानों और आर्थिक अपराध शाखा में दर्ज हैं. पुलिस अब सभी मामलों को जोड़कर विस्तृत जांच कर रही है और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है."

