ETV Bharat / state

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का हुआ अभिभाषण, अच्छा सत्र होने की जताई उम्मीद

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हो गई है.

Budget session of Jharkhand
राज्यपाल का स्वागत करते स्पीकर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 18, 2026 at 1:24 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया. यह सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च तक चलेगा. सत्र का शुभारंभ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण से हुआ.

राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर, स्पीकर ने किया स्वागत

विधानसभा पहुंचने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस अवसर पर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने उन्हें गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया. मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल पहुंचे विधानसभा (ETV Bharat)

अभिभाषण के बाद राज्यपाल ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि यह बजट सत्र अच्छे ढंग से चलेगा और इसमें सार्थक वाद-विवाद होगा, जिसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा.

बजट सत्र राज्य के विकास का मार्गदर्शक दस्तावेज- स्पीकर

सत्र के शुभारंभ पर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि बजट सत्र केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह राज्य की विकास यात्रा का मार्गदर्शक दस्तावेज होता है. उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा, जिससे चल रही योजनाओं और आवश्यक कार्यों की पूर्ति सुनिश्चित होगी. साथ ही, 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा. यह बजट राज्य की भावी दिशा, विकास की प्राथमिकताओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण का आधार बनेगा.

स्पीकर ने कहा कि इस सदन में हम सभी साढ़े तीन करोड़ जनता के विश्वास और आशाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं. राज्य की जनता की निगाह हमारी हर कार्यवाही पर टिकी है. हमारे प्रत्येक शब्द, आचरण और निर्णय में राज्यहित सर्वोपरि होना चाहिए.

स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने मतभेद को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि मनभेद लोकतंत्र को कमजोर करते हैं. इसलिए सभी सदस्य मिलकर इस सत्र को स्वस्थ, सकारात्मक और परिणामोन्मुख बनाएं. जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित करें. यह बजट सत्र राज्य की आर्थिक योजनाओं, विकास प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा.

ये भी पढ़ें:

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू, 17 कार्यदिवसों में विकास, बजट और जनहित पर होगी व्यापक बहस

बाबूलाल जी को मैं बहुत हल्के में लेता हूं, उनका काम ही है ट्वीट करना- स्वास्थ्य मंत्री