ETV Bharat / state

'हरियाणा की जनता के सुझावों पर ही बनेगा 2026-27 का बजट', सीएम नायब सिंह सैनी बोले - 2 मार्च को विधानसभा में पेश करेंगे

सीएम नायब सिंह सैनी ने आगामी बजट सत्र से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि जनता के सुझावों पर ही आगामी बजट बनेगा.

CM ON BUDGET SESSION
सीएम नायब सिंह सैनी का प्रेस कॉन्फ्रेंस (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 17, 2026 at 6:40 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़ः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आगामी बजट पेश करने से पहले मीडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने जहां सरकार के संकल्प पत्र के कितने वादों को अभी तक पूरा किया गया, इस बारे में जानकारी दी, वहीं पिछले बजट में जो वादे किए गए थे, उनका आंकड़ा भी मीडिया की सामने रखा. इस दौरान विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी उनके निशाने पर रही. वहीं उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक पिछले बजट का करीब 98 प्रतिशत सरकार खर्च कर लेगी.

20 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्रः सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि "बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा , सत्र प्रदेश के विकास, जनकल्याण की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं को आधार प्रदान करेगा. हमने संकल्प पत्र में जो बातें की, वो बातें नहीं हमारे लिए गीता के समान है. बीजेपी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं. हम अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं."

'हरियाणा की जनता के सुझावों पर ही बनेगा 2026-27 का बजट' (Etv Bharat)

एक साल में हमने साठ वादे पूरे किएः उन्होंने कहा कि "19 सितंबर 2024 को हमने 217 संकल्प लिए थे. साठ को हमने अभी तक पूरा कर दिया है, 120 पर काम चल रहा है. हालांकि पिछली सरकार पांच साल में वादे पूरे करने पर काम करती थी या वादे पूरे भी नहीं होते थे. पूर्व की कांग्रेस सरकार ऐसा ही करती थी. लेकिन हमारे लिए ऐसा नहीं है. संकल्प पूरा करना हमारी प्रतिबद्धता है, एक साल में हमने साठ वादे पूरे किए. 17 अक्टूबर 2024 को सरकार बनने के साथ ही हमने 25 हजार युवाओं को एक साथ नौकरी दी. अगले ही दिन 18 अक्टूबर को हमने अपने दूसरे वादे किडनी के मरीजों को मुफ्त डायलिसिस का वादा पूरा किया. हमने सीईटी परीक्षा को पारदर्शिता से कराने की बात कही, हमने 13 लाख अभ्यर्थियों की सफल परीक्षा करवाई. किसानों की 24 फसल एमएसपी पर खरीदने की बात कही, हरियाणा देश का पहला राज्य जहां किसान की 24 फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है."

गरीब परिवारों गैस सिलेंडर पर 500 की सब्सिडीः उन्होंने कहा कि "एक लाख अस्सी हजार से कम आय वाले घरों को हम 500 रुपए में गैस सिलेंडर दे रहे हैं. वहीं हमने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का पहले ही बजट में 5000 हजार करोड़ प्रावधान कर 25 सितंबर 2025 को एप लॉन्च कर दिया और इसके पैसे भी बहनों को मिल रहे हैं. हम चुनाव जीतने के लिए घोषणा नहीं करते, लोग भी देखते हैं. पहले राजनीतिक दल भी ऐसा ही सोचते थे, पांच साल में काम हो जायेंगे, लेकिन मोदी सरकार नॉन स्टॉप काम कर रही है. हमारी पार्टी की नीति मजबूत और नीयत मजबूत है, गरीब को सशक्त किया जा रहा है."

706 सुझावों को हमने बजट में किया था शामिल: सीएम ने कहा कि "हम ट्रांसपेरेंट तरीके से काम कर रहे हैं. इसलिए देश के लोग बीजेपी की सरकार बना रहे हैं. 17 मार्च 2025 को मैंने वित्त मंत्री के तौर पर पहला बजट पेश किया, जो जनता का बजट था. जनता के सुझाव से ही हमने उसको आकार दिया था, जिसमें सभी वर्गों से बातचीत के आधार पर काम किया गया. ग्यारह बैठकों में 1592 सुझाव मिले थे, 706 सुझावों को हमने बजट में शामिल किया था. इसलिए लोगों को लगा कि ये जनता का बजट है. 2025-26 के बजट में 248 घोषणाएं की गई थी, 77 घोषणाएं पूरी हो गई है, 165 पर काम अंतिम चरण पर है. जल्द वो भी पूरी होंगी."

2 मार्च को बजट पेश होगा: उन्होंने कहा कि "2026-27 के बजट बनाने की प्रक्रिया चल रही है, 13 बैठकें हो गई है, 2199 सुझाव अभी तक मिले हैं. हमने AI बेस चैट बॉक्स का इस्तेमाल किया और सुझाव मांगे, लगभग 12400 सुझाव इससे मिले हैं. ईमेल से भी सुझाव मिल रहे हैं, जिन पर मंथन जारी है. चार से पांच हजार सुझाव हम शामिल करने की कोशिश करेंगे. अगला बजट ना केवल हरियाणा की जनता की भावना और आकांक्षाओं को पूरा करेगा बल्कि समूचे हरियाणा के विकसित भविष्य का बजट होगा. जब लोग अपने सुझावों को बजट में देखेंगे तो उन्हें ये अपना बजट लगेगा. 2 मार्च को बजट पेश होगा."

भाजपा सरकार में प्रति व्यक्ति आय 2.5 गुणा बढ़ी: उन्होंने कहा कि "हरियाणा की अर्थव्यवस्था 29 जनवरी 2026 को विभागीय आंकड़ों के मुताबिक सकल घरेलू उत्पाद 2025-26 के अनुमानों के साथ 13,67,769 करोड़ रहा, साल 2024-25 में 1213951 करोड़ था. 12.67 प्रतिशत जीडीपी बढ़ी है. प्रति व्यक्ति आय 2024-25 में 3,58,171 रही, राष्ट्रीय स्तर पर यह आय 2,19, 575 थी, अभी शीर्ष के पांच राज्यों में हमारी प्रति व्यक्ति आय शामिल है.

10 साल में 80 नये विश्वविद्यालय खुलेः उन्होंने कहा कि "हमारे समय में अर्थव्यवस्था पर हुआ वास्तविक खर्च विपक्ष के समय में हुए वास्तविक खर्च से लगभग तीन गुणा ज्यादा है. 16 वें वित्त आयोग की सिफारिश के अनुसार हरियाणा का केंद्रीय करों में हिस्सा बढ़कर 1.361 प्रतिशत हुआ. यह 15वें वित्त आयोग की तुलना में 24.52 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2023- 24 तक लगभग 27 लाख लोगों को रोजगार के नए अवसर प्रदान हुए. 2005 से 2014 की अवधि के बीच प्रदेश में लगभग 45 विश्वविद्यालय थे, वर्ष 2015 से 2025 की अवधि के बीच 80 नए विश्वविद्यालय प्रदेश में स्थापित किए गए. राज्य के राजस्व में वर्ष 2024-25 में लगभग 52 हजार 376 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है."

10 साल में 20 लाख से अधिक एमएसएमई रजिस्ट्रेशन: उन्होंने कहा कि "उद्योग एवं श्रमिक के बीच सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने के लिए उद्योग श्रमिक मैत्री परिषद का गठन किया गया. वर्ष 2015-25 की अवधि में उद्यम और उद्यम पंजीकरण पोर्टल पर 20 लाख से अधिक एमएसएमई रजिस्ट्रेशन हुए. अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के बीच हरियाणा का कुल निर्यात 19.10 बिलियन यूएस डॉलर का रहा. हरियाणा केवल विकास ही नहीं कर रहा बल्कि 2047 तक विकसित हरियाणा के रोडमैप को तैयार कर रहा है."

'पंजाब के अंदर हम आयेंगे, हम वहां भी आर्थिक प्रबंधन का सुधार करेंगे': पंजाब में क्या बीजेपी का विकास मॉडल विधानसभा चुनाव में चलेगा ? इस सवाल का जवाब देते हुए सीएम सैनी ने कहा कि "हरियाणा में बीजेपी की सरकार से पहले दस साल कांग्रेस की सरकार रही. उनके आर्थिक प्रबंधन की बात तो सब जानते हैं. हमने आर्थिक प्रबंधन में सुधार किया और आज हरियाणा देश में नम्बर एक पर आया है. वे कहते हैं कि पंजाब में हम क्या नहीं कर सकते, वहां भी पहले कांग्रेस की सरकार रही आर्थिक प्रबंधन पूरी तरह लचर रहा, उनकी तो नीति यही रही. वे कहते हैं कि पंजाब के अंदर हम आयेंगे, हम वहां भी आर्थिक प्रबंधन का सुधार करेंगे, जिससे पंजाब का सूबा भी नम्बर एक बने जो पहले था. इसको नंबर वन कोई और नहीं बना सकता, सिर्फ ये काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाले नेतृत्व की सरकार कर सकती है."

ये भी पढ़ें-हरियाणा दे रहा देश में सबसे ज्यादा पेंशन, सीएम सैनी की सौगात से बुजुर्गों की हो गई बल्ले-बल्ले