ETV Bharat / state

बिहार में सरकारी नौकरियों की बहार, BSSC में 24492 पदों पर बहाली, 12वीं पास भी कर पाएंगे अप्लाई

बीएसएससी द्वितीय इंटर स्तरीय में अब 24492 पदों पर बहाली होगी. अबतक 35 लाख से अधिक आवेदन, जानिए अंतिम समय में कैसे करें तैयारी.

BSSC Inter Level Vacancy 2026
बिहार कर्मचारी चयन आयोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 13, 2026 at 10:41 AM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत और सुनहरा अवसर सामने आया है. बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की द्वितीय इंटर स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के तहत पदों की संख्या एक बार फिर बढ़ा दी गई है. पहले जहां इस भर्ती में 23175 पद निर्धारित थे, वहीं अब इसमें 1317 पद और जोड़ दिए गए हैं, जिसके बाद कुल पदों की संख्या 24492 हो गई है. यह क्लर्क लेवल के पदों के लिए बिहार की अब तक की सबसे बड़ी बहाली मानी जा रही है.

अब तक 35 लाख से अधिक आवेदन: खास बात यह है कि इस भर्ती प्रक्रिया को शुरू हुए लगभग ढ़ाई साल का समय हो चुका है. जब पहली बार इस बहाली का नोटिफिकेशन जारी किया गया था, तब केवल 12199 पदों पर नियुक्ति होनी थी. बाद में अभ्यर्थियों की संख्या और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए करीब 11000 पद और जोड़े गए और दोबारा आवेदन आमंत्रित किए गए. अब एक बार फिर पदों में इजाफा किया गया है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों को उम्मीद की नई किरण दिखाई दी है. आयोग से मिली जानकारी के अनुसार इस भर्ती के लिए अब तक 35 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं.

ऐसे करें BSSC के लिए तैयारी (ETV Bharat)

जानिए कौन कर सकता है आवेदन: बीएसएससी द्वितीय इंटर स्तरीय भर्ती मुख्य रूप से इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जाती है. इस परीक्षा के जरिए विभिन्न विभागों में क्लर्क, लोअर डिवीजन क्लर्क, राजस्व कर्मचारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसे इंटर लेवल के पदों पर बहाली की जाती है. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है.

देशभर के युवा कर सकते हैं आवेदन: बिहार राज्य के बाहर के उम्मीदवार भी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे देशभर के युवाओं को इसमें शामिल होने का मौका मिलता है. आयु सीमा सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 18 से 37 वर्ष, सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 18 से 40 वर्ष निर्धारित है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट का प्रावधान है.

2 घंटे में 150 प्रश्न करने होते हैं सॉल्व: परीक्षा पैटर्न की बात करें तो बीएसएससी द्वितीय इंटर स्तरीय परीक्षा कुल 150 अंकों की होती है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले शिक्षक रहमांशु सर ने बताया कि यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाती है, जिसमें ओएमआर शीट पर उत्तर भरने होते हैं. परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को कुल 2 घंटे का समय दिया जाता है. प्रश्न पत्र में मल्टीपल चॉइस पैटर्न के क्वेश्चन पूछे जाते हैं.

इन विषयों से होते हैं प्रश्न: परीक्षा में 50 अंक सामान्य अध्ययन यानी जीके और जीएस से संबंधित होते हैं, 50 अंक गणित और विज्ञान से जुड़े प्रश्नों के होते हैं और शेष 50 अंक रीजनिंग से पूछे जाते हैं. परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है, जिसके तहत प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक काटा जाता है. इसलिए अभ्यर्थियों को उत्तर देते समय विशेष सावधानी बरतनी होती है.

यह है परीक्षा पैटर्न: शिक्षक रहमांशु सर ने बताया कि चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाती है. पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा यानी प्रीलिम्स आयोजित होती है. इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा यानी मेंस के लिए बुलाया जाता है. मेंस परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को स्किल टेस्ट या टाइपिंग टेस्ट से गुजरना पड़ता है, जो संबंधित पदों के लिए अनिवार्य होता है. अंतिम मेरिट सूची इन सभी चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाती है.

तैयारी के लिए यह टॉपिक्स है जरूरी: शिक्षक रहमांशु ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पद और 35 लाख से अधिक आवेदनों के कारण यह साफ है कि प्रतियोगिता बेहद कड़ी होने वाली है. इंटर लेवल की भले ही यह परीक्षा है लेकिन ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट भी बड़ी संख्या में इसमें बैठते हैं जो एसएससी और सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी करने वाले होते हैं. ऐसे में उम्मीदवारों को रणनीतिक तरीके से तैयारी करने की जरूरत है. सबसे पहले सिलेबस को अच्छे से समझना जरूरी है. सामान्य अध्ययन के लिए बिहार से संबंधित करंट अफेयर्स, इतिहास, भूगोल, भारतीय संविधान और सामान्य विज्ञान पर विशेष ध्यान देना चाहिए.

"गणित और विज्ञान के हिस्से में बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत करना बेहद जरूरी है, क्योंकि प्रश्न इंटर स्तर के होते हैं लेकिन समय की कमी के कारण तेजी से हल करने की क्षमता अहम भूमिका निभाती है. रीजनिंग में नियमित अभ्यास से ही गति और सटीकता हासिल की जा सकती है. मैथ साइंस के सवालों के लिए 12वीं तक के सिलेबस की तैयारी मजबूत है तो कोई दिक्कत नहीं होता है. करंट अफेयर्स पिछले 1 साल का जरूरी होता है."-रहमांशु, शिक्षक

परीक्षा की तैयारी के लिए छात्रों के पास पर्याप्त समय: शिक्षक रहमांशु सर ने बताया कि क्योंकि अभी आयोग के कोई अध्यक्ष नहीं है और सचिव भी हाल ही में पद ज्वाइन किए हैं तो यह तय है की परीक्षा आयोजित करने में काम से कम चार महीने का समय लग जाएगा. ऐसे में जो पहले से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं उनके लिए सिर्फ प्रतिदिन एक क्वेश्चन सेट को सॉल्व करना काफी है और परीक्षा के 10 दिन पहले सभी टॉपिक का रिवीजन जरूरी है. लेकिन अभी हाल ही में जो इंटरमीडिएट पास करके पहली बार परीक्षा फॉर्म भरे हैं, ऐसे छात्रों के लिए जरूरी है कि परीक्षा के सिलेबस के अनुसार प्रतिदिन 3 से 4 घंटे की पढ़ाई करें और करंट अफेयर्स का एक मॉक टेस्ट ऑनलाइन मोड में जरूर दें.

कई चरण में संपन्न होगी परीक्षा: रहमांशु सर ने कहा कि बिहार में चाहे दरोगा की परीक्षा हो चाहे कोई अन्य परीक्षाएं सभी ऑफलाइन मोड में अब तक लेती जाती रही है. यह परीक्षा भी ऑफलाइन मोड में ही होने के चांसेस अधिक है क्योंकि ऑनलाइन को लेकर अब तक कुछ नहीं क्लियर हुआ है. ऐसे में चूंकि परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी, इसलिए ओएमआर शीट भरने का अभ्यास करना भी जरूरी है, ताकि परीक्षा के दौरान कोई तकनीकी गलती न हो. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी लगभग 35 लाख से अधिक हैं और बिहार में एक दिन में 3 लाख परीक्षार्थियों की परीक्षा आयोजित करने की क्षमता है. ऐसे में स्वाभाविक है की परीक्षा कई चरणों (कई दिनों) में संपन्न होगी.

15 जनवरी आवेदन की आखिरी तिथि: आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. आवेदन की आखिरी तिथि 15 जनवरी 2026 है. आवेदन के लिए उम्मीदवारों को बिहार कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.onlinebssc.com पर जाकर आवेदन करना होगा. वेबसाइट पर जाकर ‘इंटर स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2025’ के लिंक पर क्लिक करना होता है. आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, महिलाएं और सभी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 100 रुपये निर्धारित है.

ये भी पढ़ें-

BSSC अध्यक्ष आलोक राज का इस्तीफा, एक सप्ताह के अंदर छोड़ा पद

पूर्व DGP आलोक राज बने बिहार कर्मचारी चयन आयोग के नए अध्यक्ष, आज से संभालेंगे पदभार