भिलाई में कुत्ते की बेरहमी से हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
कुत्ते की हत्या का सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल होने के बाद दुर्ग पुलिस ने मामले में कार्रवाई की.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 12:25 PM IST
दुर्ग भिलाई: जिला दुर्ग के एमपीईबी चौक में एक बेजुबान कुत्ते को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डालने के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. बेजुबान की हत्या के दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
मोहल्ले के कुत्ते की पीट पीटकर हत्या
दुर्ग एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने घटना ने जानकारी दी. उन्होंने बताया घटना 01 मार्च 2026 की रात का है. जिस दिन कुत्ते की पीट पीटकर हत्या की गई. दूसरे दिन मोहल्ले के निवासी मदन साहू ने जामुल थाना में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत में बताया कि मोहल्ले के ही रहने वाले मुर्तुजा अली और राहुल मारकण्डे ने गली के कुत्ते को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई."
कुत्ते की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, कई धाराओं में केस दर्ज
एएसपी ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, फुटेज में दोनों आरोपी कुत्ते को बेरहमी से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. कुत्ते को मारने का सीसीटीवी फुटेज भी तेजी से वायरल हुआ. मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 136/2026 दर्ज किया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 325, 3(5) बीएनएस और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है. पुलिस ने प्रकरण से संबंधित साक्ष्य जब्त कर लिए हैं. आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.

