बिहार के सिवान में दुबई से लौटे युवक की बेरहमी से हत्या, मर्डर से पहले किया गया काफी टॉर्चर
सिवान में दुबई से घर वापस लौटे एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई है. हत्या से पहले उसे काफी टॉर्चर भी किया गया.

Published : May 27, 2026 at 12:12 PM IST
सिवान: बिहार के सिवान जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के कटवार गांव में दुबई से लौटे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है. मृतक की पहचान दीपक सिंह के रूप में हुई है, जो महज दो दिन पहले ही दुबई से अपने घर लौटा था. युवक का शव घर से लगभग 300 मीटर दूर बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
दुबई से दो दिन पहले लौटा था युवक: परिजनों के अनुसार, दीपक विदेश में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर गांव आया था. घर लौटने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों में यह खुशी मातम में बदल जाएगी. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दीपक घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा.
घर से महज कुछ दूरी पर पड़ा मिला शव: जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका. अगली सुबह गांव के लोगों ने घर से करीब 300 मीटर दूर एक सुनसान जगह पर युवक का शव पड़ा देखा. सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.
हत्या से पहले टॉर्चर: ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई. शव की हालत देखकर लोग सन्न रह गए. शरीर पर चोट के कई निशान थे. परिजनों का आरोप है कि दीपक को बेरहमी से प्रताड़ित किया गया और उसके पैर के अंगूठे का नाखून भी उखाड़ दिया गया था. इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले युवक को टॉर्चर किया गया.
आसपास के लोगों से पूछताज जारी: घटना की जानकारी मिलते ही सिसवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है.
क्या है हत्या का कारण?: स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीपक का गांव में कुछ लोगों से विवाद चल रहा था. वहीं कुछ ग्रामीण इस हत्या को पैसों के लेन-देन और विदेश से कमाकर लौटने से जोड़कर भी देख रहे हैं. पुलिस पुराने विवाद, निजी रंजिश और आर्थिक लेन-देन समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
परजनों ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग: परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. उनका कहना है कि दीपक की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
ग्रामीणों में नाराजगी: घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है. ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि इलाके में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.इस सनसनीखेज हत्या की चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से हो रही है.
"सभी मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा."-चितरंजन कुमार, थाना प्रभारी
ये भी पढ़ें
Explainer: बिहार में दहेज से जुड़ी मौत के मामलों में तेजी, जानिए कानून कितना मददगार?
नवादा में डबल मर्डर, एसपी के सामने फूट-फूटकर रो पड़े परिजन, इंसाफ की मांग

