ETV Bharat / state

नूंह फिरोजपुर झिरका में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, सिर में आए आठ टांके, हालात गंभीर

फिरोजपुर झिरका में युवक पर लाठी-डंडों से बदमाशों ने हमला किया. युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है.

Brutal Assault on Youth in Firozpur Jhirka Nuh
युवक पर लाठी-डंडों से हमला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 21, 2026 at 9:56 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंह: जिले के फिरोजपुर झिरका शहर के वार्ड-12 में बुधवार रात घर के बाहर खड़े एक युवक पर 8-10 युवकों द्वारा लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना 18 फरवरी की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की बताई गई है. घायल युवक जितेंद्र भारद्वाज को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

बाजार में पत्थरबाजी के बीच बढ़ा विवाद: पीड़ित के पिता कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बाजार में दो पक्षों के बीच झगड़ा और पत्थरबाजी हो रही थी. उनका बेटा खाना खाने के बाद नीचे आया और अन्य लोगों के साथ खड़ा था. इसी दौरान एक पत्थर उसके पैर में लगा. कुलदीप ने कहा कि, “मेरा बेटा भाईचारे की अपील कर रहा था कि झगड़ा न करें, लेकिन लाठी-डंडों से लैस युवकों ने उस पर हमला कर दिया.आसपास के लोग बीच-बचाव करते, उससे पहले ही हमलावर उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए."

नूंह फिरोजपुर झिरका में युवक पर लाठी-डंडों से हमला (ETV Bharat)

दुकानदारों में दहशत: वहीं, इस घटना के बाद शहर के गढ़ गेट क्षेत्र में दहशत का माहौल है. दुकानदारों का कहना है कि अचानक रात करीब 10 बजे सड़क पर पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई. गुरुवार रात को भी एहतियातन कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें 9:30 बजे ही बंद कर दीं. स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

राजनीतिक दबाव का आरोप: पीड़ित के पिता कुलदीप ने आरोप लगाया, “मेरे बेटे के सिर में लगभग आठ टांके आए हैं और चोट काफी गहरी है. पुलिस को सब जानकारी देने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते कार्रवाई नहीं हो रही.” वहीं, इस पूरे मामले में फिरोजपुर झिरका सिटी थाना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने कहा, “पुलिस ने दोनों पक्षों को जांच के लिए थाने बुलाया है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.”

ये भी पढ़ें:बजट सत्र में हाउसिंग बोर्ड के HSVP में विलय पर हंगामा, एक क्लिक में जानें कैसी रही पहले दिन की कार्यवाही