ETV Bharat / state

बृज होली महोत्सव-2026 का डीग में शुभारंभ, सतरंगी फव्वारों और रासिया की थाप ने बांधा समां

डीग में बृज होली महोत्सव-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ. सतरंगी फव्वारे, लोक नृत्य और ग्रामीण खेलों ने उत्सव को यादगार बना दिया.

डीग के जलमहल पर चले रंगीन फव्वारे
डीग के जलमहल पर चले रंगीन फव्वारे (ETV Bharat Bharatpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 26, 2026 at 7:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भरतपुर/डीग: रंग, रस और परंपरा के अनुपम संगम के बीच गुरुवार को बृज अंचल में उल्लास की फुहारें छूट पड़ीं, जब राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बृज होली महोत्सव-2026 का ऐतिहासिक डीग में भव्य शुभारंभ हुआ. जलमहल में सतरंगी फव्वारों, पारंपरिक खेलकूद, लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनसैलाब ने उद्घाटन दिवस को यादगार बना दिया.

डीग जनसंपर्क अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि महोत्सव का सर्वाधिक आकर्षण डीग महल के विश्वप्रसिद्ध रंगीन फव्वारे रहे. शाम 4 बजे जैसे ही महल परिसर में विभिन्न रंगों की जलधाराएं आसमान की ओर उठीं, पूरा वातावरण ब्रज की रंग-रस परंपरा में डूब गया. देशी-विदेशी पर्यटक और स्थानीय नागरिक इस मनोहारी दृश्य को कैमरों में कैद करते नजर आए. शाम 7 बजे से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में राजस्थानी लोक कलाकारों ने लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर शाम तक मंत्रमुग्ध रहे. ढोलक, मंजीरा और रासिया की थाप ने ब्रज की लोकसंस्कृति को जीवंत कर दिया. इससे पहले मेला मैदान और महल परिसर में आयोजित ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं में युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

डीग में बृज होली महोत्सव-2026 (ETV Bharat Bharatpur)

इसे भी पढ़ें- डीग मेले में जल महल के रंगीन फव्वारे बने आकर्षण का केंद्र, देखिए वीडियो

ग्रामीण खेलों में दिखी प्रतिभा

  • मटका दौड़ में अस्तावन की प्रिया प्रथम व लक्ष्मी द्वितीय रहीं.
  • नींबू दौड़ में वर्षा विजेता व कीर्ति उपविजेता बनीं.
  • बोरी दौड़ में श्रीराम स्कूल की सुहाना ने बाजी मारी.
  • रस्साकस्सी (महिला वर्ग) में राउमावि अऊ प्रथम व एकता कोचिंग द्वितीय रही.
  • पुरुष वर्ग में एमजेएफ डीग विजेता रहा.
  • कबड्डी (पुरुष वर्ग) में राउमावि अऊ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.

प्रतियोगिताओं के विजेता: चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में झलक पंडित व जूनियर वर्ग में प्रशांत सोनी ने प्रथम स्थान अर्जित किया. रंगोली में बांकेबिहारी की प्रिया सैनी विजेता रहीं. मेहंदी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में निरुपमा शर्मा तथा जूनियर वर्ग में गौरी गोयल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. महोत्सव की अनूठी ‘मूंछ प्रतियोगिता’ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही. सीनियर वर्ग में पुष्पेन्द्र कौरेर प्रथम व छोटे लाल सैनी द्वितीय रहे, जबकि जूनियर वर्ग में दुर्गेश फौजदार विजेता बने.

होली महोत्सव
होली महोत्सव कई कार्यक्रम हुए (ETV Bharat Bharatpur)

इसे भी पढ़ें- डीग का अद्भुत जलमहल, 300 सालों से बिना बिजली के संचालित होते हैं 2 हजार रंगीन फव्वारे, गर्भी में भी बरसात का एहसास

महोत्सव के दूसरे दिन 27 फरवरी को कामां क्षेत्र में पारंपरिक होली के विविध स्वरूप देखने को मिलेंगे. लाल दरवाजा कामां पर गणेश पूजन के साथ कार्यक्रमों का श्रीगणेश होगा. इसके बाद प्रमुख मंदिरों में गुलाल होली, दूध-दही होली और लट्ठमार होली के आयोजन होंगे. दोपहर में भव्य शोभायात्रा निकलेगी तथा शाम 6 बजे विमल कुंड पर महाआरती और दीपदान का अलौकिक दृश्य साकार होगा. कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल, जिला कलेक्टर भरतपुर कमर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डीग राजकुमार कस्वां समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

बृज होली महोत्सव
बृज होली महोत्सव में मूंछ प्रतियोगिता भी हुई (ETV Bharat Bharatpur)
कलाकारों ने होली महोत्सव में बांधा समां
कलाकारों ने होली महोत्सव में बांधा समां (ETV Bharat Bharatpur)