ETV Bharat / state

नूंह में अचानक ढह गया पुल, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा, लोग बोले - लंबे समय से जर्जर था ब्रिज

हरियाणा के नूंह में बनारसी से बदरपुर गांव को जोड़ने वाला लंडवा नहर का पुल ढह गया जिससे दर्जनों गांव का संपर्क टूट गया.

Bridge on the Lundwa Canal connecting Banarasi to Badarpur village in Nuh collapsed
नूंह में लंडवा नहर का पुल ढहा (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 12, 2026 at 10:16 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंह : हरियाणा के नूंह जिले में बनारसी से बदरपुर गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लंडवा नहर का पुराना पुल आज दोपहर अचानक भरभराकर गिर गया. गनीमत रही कि हादसे के समय पुल पर कोई वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. पुल के गिरने से करीब आधा दर्जन से अधिक गांवों का सीधा संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है.

पुल अचानक हुआ ध्वस्त : ग्रामीणों के अनुसार ये पुल वर्षों पुराना था और लंबे समय से जर्जर अवस्था में था. बावजूद इसके संबंधित विभाग द्वारा समय रहते इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. अचानक पुल के ध्वस्त होने से सड़क का बड़ा हिस्सा नहर में समा गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है. पुल टूटने का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों पर पड़ा है. अब लोगों को कस्बे तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है. इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है. एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए भी गांवों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया है.

Bridge on the Lundwa Canal connecting Banarasi to Badarpur village in Nuh collapsed
दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा (Etv Bharat)

लंबे समय से जर्जर था : मास्टर बरकत, तारीफ शहीद, बनारसी सरपंच प्रतिनिधि नूरदीन और पंचायत समिति सदस्य जुनैद खान समेत कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल लंबे समय से जर्जर था, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण इसकी सुध नहीं ली गई. उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य किया जाता तो ये हादसा टल सकता था. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि तुरंत प्रभाव से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए और नए पुल के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके. इस मामले में एसडीएम लक्ष्मी नारायण का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है. सिंचाई विभाग के अधिकारियों को लोगों की परेशानी जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं.