दादा के सपनों की उड़ान: औरैया में हेलीकॉप्टर से विदा हुई दुल्हन,फूलों की हुई बारिश
हेलीकॉप्टर देखने के लिए अनाज मंडी परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जोड़ा हेलीकॉप्टर से उतरा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 10:49 AM IST
|Updated : February 26, 2026 at 11:46 AM IST
औरैया: यूपी के औरैया बुधवार को एक अनोखी और यादगार शादी का नजारा देखने को मिला. यहां एक दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई, जिसे देखने के लिए अनाज मंडी परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. जैसे ही नवविवाहित जोड़ा हेलीकॉप्टर से उतरा सभी ने जोड़े का फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया.
जनपद औरैया के विकासखंड अजीतमल क्षेत्र के ग्राम अदमापुर में आयोजित एक विवाह समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब नवविवाहित दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई। इस अनोखी शादी को देखने के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दूल्हे निर्वेश राजपूत अपनी दुल्हन स्वाति (आकांक्षा) राजपूत को विवाह के बाद हेलीकॉप्टर से अपने गांव लेकर पहुंचे. हेलीकॉप्टर जैसे ही अदमापुर स्थित सिंहवाहिनी महाविद्यालय मैदान में उतरा. वहां मौजूद लोगों ने तालियों और उत्साह के साथ नवदंपति का स्वागत किया. ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर नवविवाहित जोड़े का भव्य अभिनंदन किया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा.
दूल्हे निर्वेश राजपूत ने बताया कि उनके पिता सतेंद्र राजपूत एवं स्वर्गीय दया किशन राजपूत का सपना था कि परिवार में विवाह समारोह कुछ अलग और यादगार हो. हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई कर उन्होंने अपने परिवार का यह सपना साकार किया.
दुल्हन स्वाति (आकांक्षा) राजपूत ने इसे अपने जीवन का सबसे खास और अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए खुशी जाहिर की. विवाह समारोह महोबा जनपद के चरखारी क्षेत्र के ग्राम भटेवर कला में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था.
हेलीकॉप्टर से हुई यह विदाई पूरे औरैया जनपद में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और लोग इस अनोखी शादी को लंबे समय तक याद रखने की बात कर रहे हैं. इस शादी में अहम भूमिका निभाने वाले सपा के नेता ओके चौधरी ने हेलीकॉप्टर का प्रबंध करने के लिए काफी मेहनत की.
यह भी पढ़ें: औरैया में निर्माणाधीन RCC सड़क पर दौड़ाई फॉर्च्यूनर, भाजपा का तंज- जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, उसमें बैठा है गुंडा
यह भी पढ़ें: औरैया में 150 परिवारों को हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत, दिबियापुर में सैकड़ों मकानों के ध्वस्तीकरण पर रोक

