ETV Bharat / state

SBI बैंक पर बड़ी सेंध, स्ट्रांग रूम तक पहुंचे चोर, ताले तोड़े, सीसीटीवी सिस्टम भी तबाह

सरस्वती नगर एसबीआई बैंक सेंधमारी कांड में रायपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. प्रवीण कुमार सिंह की रिपोर्ट

RAIPUR SBI BANK
रायपुर एसबीआई में चोरी (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : September 1, 2026 at 8:46 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: राजधानी रायपुर में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी वारदात सामने आई है. सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई की एनआईटी शाखा में अज्ञात चोरों ने बैंक के अंदर घुसकर स्ट्रांग रूम तक पहुंचने की कोशिश की. चोरों ने स्ट्रांग रूम के ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए और अंदर रखे सेफ को भी तोड़ने का प्रयास किया.

दो दिन तक बंद रहा बैंक, खुलते ही हुआ चोरी का खुलासा

29 अगस्त की शाम बैंक बंद हुआ था. इसके बाद 31 अगस्त की सुबह जब बैंक खुला तो अंदर चोरी और तोड़फोड़ का पता चला. अज्ञात चोर खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक परिसर के अंदर घुसे थे.

मैनेजर के केबिन से कंप्यूटर के अहम पार्ट्स चोरी

चोरों ने बैंक मैनेजर के केबिन को भी निशाना बनाया. वहां से कंप्यूटर का सीपीयू खोलकर हार्ड डिस्क, रैम और एसएसडी चोरी कर ली गई. चोरी गए कंप्यूटर सामान की कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई जा रही है.

स्ट्रांग रूम में बड़ी वारदात की कोशिश

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए. उन्होंने ग्रिल गेट और मुख्य दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए. अंदर रखे सेफ को भी तोड़ने की कोशिश की गई। हालांकि कैश और लॉकर में रखी रकम चोरी होने से बच गई.

लॉकर रूम का ताला भी टूटा, सीसीटीवी कैमरे किए क्षतिग्रस्त

चोरों ने लॉकर रूम को भी निशाना बनाया, जहां चार तालों में से एक ताला टूटा मिला. वारदात के बाद सबूत मिटाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा गया और तार काटकर पूरे सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

बैंक मैनेजर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज

सरस्वती नगर थाना पुलिस ने बताया कि एसबीआई एनआईटी शाखा के बैंक मैनेजर उत्कर्ष देवांगन की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. बीएनएस की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत मामला कायम किया गया है.

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से चोरों की तलाश

सरस्वती नगर पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है.

नाबालिगों की मदद से हुई बड़ी चोरी का खुलासा, जेवरात समेत नकदी जब्त, बलौदा पुलिस की हिरासत में आरोपी

धमतरी में बच्चों से भरी चलती स्कूल बस में लगी आग, बाल बाल बचे बच्चे