अच्छी खबर: बीपीएससी TRE-4 के लिए आज जारी होगा विज्ञापन, 32388 पदों पर शिक्षकों की भर्ती
बीपीएससी TRE-4 के लिए 32388 पदों पर आज विज्ञापन जारी हो सकता है. STET अपीयरिंग अभ्यर्थियों को भी मौका मिलेगा. रिपोर्ट- कृष्णनंदन

Published : August 18, 2026 at 2:39 PM IST
पटना : लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार लोक सेवा आयोग आज (मंगलवार) शाम तक TRE-4 का विज्ञापन जारी कर सकता है. शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई अधियाचना के अनुसार चौथे चरण की शिक्षक भर्ती में कुल 32388 पदों पर नियुक्ति होगी. भर्ती में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के शिक्षक शामिल हैं.
32388 पदों पर होगी शिक्षक बहाली : TRE-4 में कक्षा के अनुसार पदों की बात करें तो सबसे ज्यादा 16101 पद कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए हैं. वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए 8563, कक्षा 9 से 10 के लिए 3877 और कक्षा 1 से 5 के लिए 3847 पद हैं. यानी TRE-4 में सबसे ज्यादा भर्ती उच्च माध्यमिक यानी कक्षा 11वीं-12वीं के लिए होगी. कुल पदों में करीब आधे पद इसी स्तर के हैं.
STET अभ्यर्थियों के लिए भी मौका : TRE-4 को लेकर सबसे अहम अपडेट माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए है. विभिन्न विषयों में कक्षा 9-10 और कक्षा 11-12 के शिक्षकों की पात्रता के लिए STET परीक्षा आयोजित की जा रही है. STET के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि ''STET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भी TRE-4 में शामिल होने का अवसर मिल सकता है. जो अभ्यर्थी वर्तमान STET परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, वह भी चौथे चरण की शिक्षक भर्ती में आवेदन कर सकेंगे.''

STET क्यों है महत्वपूर्ण : कक्षा 9 से 10 और कक्षा 11 से 12 के शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए संबंधित अभ्यर्थियों के लिए STET की पात्रता महत्वपूर्ण है. इस बार विभिन्न विषयों के लिए STET का आयोजन किया जा रहा है. आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसमें आवेदन कर रहे हैं. STET में सफल होने वाले अभ्यर्थी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती की पात्रता हासिल करेंगे. ऐसे में TRE-4 का विज्ञापन और STET दोनों परीक्षाएं शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.
अभ्यर्थियों का खत्म होगा लंबा इंतजार : TRE-4 के विज्ञापन को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. भर्ती परीक्षा को लेकर लगातार मांग उठाई जा रही थी कि आयोग जल्द विज्ञापन जारी करे, ताकि अभ्यर्थी आवेदन करने के बाद परीक्षा की तैयारी पर फोकस कर सकें. अब विज्ञापन जारी होने के साथ आवेदन की तारीख, आवेदन की अंतिम तिथि, परीक्षा की संभावित तारीख, शुल्क, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और विषयवार पदों की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी.
ये भी पढ़ें :-
बिहार TRE-4 में बदला परीक्षा पैटर्न, अब पीटी के बाद होगा मेंस
Bihar STET 2026 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, TRE-4 में कर सकेंगे आवेदन

