मां की धारदार हथियार से हत्या कर बेटी को भगा ले गया युवक, दो बिरादरी का मामला होने के कारण बवाल, गांव में पुलिस फोर्स तैनात
मेरठ के एक गांव का मामला, दिनदहाड़े इस वारदात से गांव में तनाव की स्थिति, अलग-अलग बिरादरी के युवक और युवती

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 3:41 PM IST
|Updated : January 8, 2026 at 8:47 PM IST
मेरठ: जिले के सरधना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवती के अपहरण करने का मामला सामने आया है. कपसाड़ गांव में गुरुवार को एक युवक ने एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर बेटी को भगा ले गया. घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है. जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है. आरोपी के परिजन भी इस घटना के बाद से फरार हैं. पुलिस ने आरोपी के दादा-दादी को सरधना थाना लेकर गई और उनसे पूछताछ की है. वहीं, पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए 5 टीमें लगाई हैं.
अखिलेश और मायवती ने उठाया मुद्दाः अपहरण और हत्या के मामले में सियासत भी शुरू हो गई है. एक और जहां सपा के स्थानीय विधायक अतुल प्रधान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की तो वहीं दूसरी ओर पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट की घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी एक्स पर पोस्ट पर घटना की निंदा की गई. इसके साथ ही अस्पताल में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं में हंगामा भी किया. आसपा के जिला अध्यक्ष ने पीड़ित के गांव का भी दौरा किया है. पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा मुखिया मायावती ने घटना की निंदा की है. इसके साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
प्रकरण में युवक और युवती एक ही गाँव के है और पूर्व परिचित है । युवक द्वारा 20 वर्षीय युवती को ले जाने के दौरान माँ को घायल किया गया । घायल को हॉस्पिटल ले जाया गया और युवती की बरामदगी और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में पाँच पुलिस टीम गठित की गई है… pic.twitter.com/p6JZxlGAJ2
— MEERUT POLICE (@meerutpolice) January 8, 2026
खेत पर जाते समय किया हमलाः पुलिस के मुताबिक, कपसाड़ गांव की रहने वाली सुनीता गुरुवार को अपनी बेटी के साथ खेत पर काम करने जा रही थी. तभी गांव का ही एक युवक पीछे से आया और उसने युवती को साथ चलने को कहा. बेटी से बात करते हुए जब मां ने विरोध कर दिया. आरोप है कि युवक ने उनकी 20 वर्षीय बेटी का अपहरण करने की कोशिश की. जब मां ने विरोध किया तो एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. महिला ने शोर मचाया तो आसपास में खेतों में काम कर रहे लोग भी उस तरफ दौड़ पड़े.
मेरठ में माँ की हत्या और बेटी को उठाकर ले जाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 8, 2026
भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देते-देते आज जिस स्तर पर पहुँच गयी है, वहाँ से वापस नहीं लौट सकती क्योंकि अपराधी उनके राज़ खोल देंगे।
सरकार से कोई उम्मीद ही न बचे, इससे बुरा और कुछ नहीं हो सकता।… pic.twitter.com/uXRdkt4nOd
इलाज के दौरान मौतः इसी बीच युवक अपने साथी के साथ युवती को वहां से जबरन ले गया. युवती के परिजनों को सूचना मिली वे भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को मोदीपुरम क्षेत्र के हॉस्पिटल में भर्ती कराया. यहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई.युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक और उसके साथी ने जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. जान से मारने की धमकी दी गई. युवक राजपूत समाज से ताल्लुक रखता है. जैसे ही इस मामले की जानकारी पुलिस को हुई महकमे के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है. तनाव पूर्ण शांति बनी हुई है. एएसपी ने पीड़ित महिला से अस्पताल में मुलाकात की.
मेरठ में अपनी बेटी की आबरू बचाने निकली एक माँ को गाँव के दबंगों ने सरेआम गंडासे से काट डाला और उसकी मासूम बेटी को भेड़ियों की तरह घसीटकर ले गए।
— UP Congress (@INCUttarPradesh) January 8, 2026
आज वह माँ अस्पताल में वेंटिलेटर पर मौत से जंग लड़ते हुए उस सिस्टम को धिक्कार रही है, जहाँ 'बेटी बचाओ' का नारा इन दरिंदों के गंडासे के… pic.twitter.com/WbLDXHcOTE
एक ही गांव के युवक और युवतीः एसएसपी डॉक्टर विपिन ताड़ा ने बताया कि युवक और युवती एक ही गांव के हैं और पूर्व परिचित है. युवक द्वारा 20 वर्षीय युवती को ले जाने के दौरान मां को घायल किया गया. घायल को हॉस्पिटल ले जाया गया और युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में 5 पुलिस टीम गठित की गई है. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.
यूपी में मेरठ के सरधना थाना अन्तर्गत दलित माँ की हुई हत्या तथा बेटी के अपहरण की ताज़ा घटना अति-दुखद, शर्मनाक एवं चिन्तनीय। महिलाओं की इज़्ज़त-आबरू से खिलवाड़ और फिर हत्या आदि की घटनाओं को सरकार पूरी गंभीरता से लेकर दोषियों के खिलाफ तत्काल सख़्त कार्रवाई करे ताकि आपराधिक तत्वों…
— Mayawati (@Mayawati) January 8, 2026
एंबुलेंस में की तोड़फोड़ः कपसाड़ गांव में हुई घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है. वहीं, अस्पताल में एडमिट पीड़िता सुनीता का ऑपरेशन होना था, लेकिन कंडीशन बिगड़ने से उनकी मौत हो गई. इसके बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के लोगों ने आक्रोशित हो गए. जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर जाने की कोशिश कर रही थी तो गुस्साए मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस को आगे नहीं बढ़ने दिया. एम्बुलेंस में तोड़फोड़ कर दी. जिसे घबरा कर चालक एम्बुलेंस को छोड़कर भाग गया.
48 घंटे की पुलिस को दी मोहलतः स्थिति को काबू करने के लिए पहले से ही कई थानों की फ़ोर्स वहां मौजूद थी. आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष ने परिवार के साथ मिलकर मांग उठाई कि 48 घंटे में हत्यारोपी पकड़ में होना चाहिए और सभी पर कार्रवाई हो और बेटी की सकुशल घर वापसी होनी चाहिए. लगभग दो घंटे तक चले हंगामे के बाद सुनीता का शव पुलिस पोस्टमार्टम के लिए ले गई.
उग्र आंदोलन की चेतावनीः आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष चरण सिंह ने कहा कि 48 घंटे में पुलिस ने सख्त कार्रवाई अगर नहीं की, युवती की बरामदगी अगर नहीं हुई तो फिर यहां कानून व्यवस्था अगर बिगड़ती है तो उसकी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि परिजनों को समझाकर शांत किया गया है. पुलिस अपना काम कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं, सरधना के विधायक सपा नेता अतुल प्रधान ने भी इस घटना को सुखद बताते हुए अस्पताल में पहुंचकर परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए पुलिस अधिकारियों से बात की.

