रुड़की में क्रिकेट का मैदान बना जंग का अखाड़ा, 12 साल के बच्चे के सिर पर मारा डंडा, मौत
रुड़की में क्रिकेट खेलते समय मामूली विवाद में सिर पर डंडा लगने से 12 साल के लड़के की मौत हो गई, मुकदमा दर्ज.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 25, 2026 at 2:13 PM IST
रुड़की: हरिद्वार के रुड़की में क्रिकेट का मैदान, खूनी अखाड़ा बन गया. मामला रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का है. जहां पर क्रिकेट खेल रहे बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते ये विवाद जानलेवा बन गया. इसी विवाद में एक किशोर ने 12 साल के भानु के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया. डंडा लगते ही भानु मैदान में ही बदहवास होकर गिर गया. परिजनों ने भानु को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव स्थित डॉक्टर अंबेडकर पार्क में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे. बताया जा रहा है कि खेल के दौरान बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और इसी कहासुनी ने अचानक से हिंसक रूप ले लिया. इसी बीच एक 17 साल के लड़के ने 12 वर्षीय भानु पुत्र बालेंद्र के सिर पर डंडे से वार कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद पार्क में मौजूद बच्चे वहां से भाग गए, जिसके बाद घायल भानू भी अपने घर पहुंचा और भानू ने परिवार को सिर पर डंडा लगने की बात कही और उसी दौरान बेहोश हो गया.
इसके बाद परिवार के लोग भानू को शहर के एक निजी अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया गया. वहीं भानु की मौत के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बहरहाल पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. बताया गया है कि आरोपी किशोर अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. उधर, मामूली बात पर हुई हत्या से आसपास क्षेत्र में भी दहशत का माहौल है.
गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. प्राथमिक पड़ताल में हत्यारोपी के नाबालिग होने की बात सामने आई है. उनका कहना है कि वह खुद इस केस की पड़ताल कर हत्या के सही कारणों और अन्य पहलुओं की जांच पड़ताल कर रहे हैं. फिलहाल हत्यारोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही वारदात के बाद से दोनों पक्षों में शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें:

