जींद में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा भड़के, मंच से उतरने के लिए कहा, बाउंसरों की लोगों के साथ हुई मारपीट
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के कार्यक्रम के दौरान बाउंसरों और लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हुई है.

Published : February 19, 2026 at 8:43 PM IST
जींद : हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का कार्यक्रम एक बार फिर विवादों में आ गया है. विवाद गांव मुआना के पूर्व सरपंच और कुछ लोगों के स्टेज पर बैठे होने को लेकर हुआ. पूर्व सरपंच के समर्थकों और बाउंसरों के बीच धक्का-मुक्की से लेकर मारपीट तक हुई. बाद में मासूम शर्मा के भाई और रिश्तेदारों ने माफी मांगी जिसके बाद मामला शांत हुआ.
मासूम शर्मा भड़के : सिंगर मासूम शर्मा की बहन कविता शर्मा मुआना हाल सफीदों रोड निवासी धर्मवीर के साथ विवाहित हैं. दोनों की शादी की 25वीं वर्षगांठ पर एक होटल में मासूम शर्मा का लाइव कार्यक्रम रखा गया था. कार्यक्रम में उनके रिश्तेदार, परिवार और गांव मुआना के कुछ करीबी लोग शामिल थे जिसमें गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा भी कुछ युवाओं को लेकर कार्यक्रम में आए हुए थे. मासूम शर्मा स्टेज पर आए तो स्टेज पर खड़े पूर्व सरपंच और समर्थकों पर भड़कते हुए नीचे उतरने को कह दिया. मासूम शर्मा ने यहां तक कह दिया कि मेरे गाने के प्रोग्राम के बीच में कोई सरपंच हो, कोई एमएलए हो, कोई मंत्री हो, मैं किसी को कुछ नहीं मानता. आप चाहे सरपंच हो, मेरा कार्यक्रम नीचे बैठकर देखो. नहीं देखना तो चले जाओ.
रिश्तेदारों ने मासूम को रोका : इस पर सरपंच के साथ आए युवाओं को गुस्सा आ गया और माहौल गर्मा गया. मासूम शर्मा गाना बीच में छोड़ स्टेज से उतरने लगे तो रिश्तेदारों ने उन्हें रोक लिया. फिर गाना शुरू किया तो बाउंसरों और युवाओं के बीच ना केवल धक्का-मुक्की हुई बल्कि मारपीट भी हुई जिसके चलते एक घंटे में कार्यक्रम को खत्म करना पड़ा. हालातों को देखते हुए धर्मवीर के परिजनों और मासूम के भाई को आगे आना पड़ा और माफी मांग कर मामले को शांत करना पड़ा.
बाउंसरों की युवाओं के साथ धक्का-मुक्की : गांव मुआना के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें कार्यक्रम में बुलाया गया था. मासूम शर्मा गाना गाने आया तो स्टेज खाली करने को कहा. युवाओं की बाउंसरों से कहासुनी हो गई और मारपीट हो गई. मामला परिवारिक होने के कारण शांत हो गया था.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : डच महिला बाइकर हुई हरियाणा की मुरीद, अनजान परिवार ने यूं जीता दिल, यूट्यूब पर लोगों ने खूब बरसाया प्यार
ये भी पढ़ें : अंबाला में भिखारी निकला लखपति, अकाउंट में मिले लाखों रुपए, ट्राइसाइकिल से निकली नोटों की गड्डियां
ये भी पढ़ें : "ताऊ, मन्ने भी जहाज में बैठा ले"...आवाज़ सुन CM चौंके, फौरन सच कर डाला सोनू का सपना

