ETV Bharat / state

हिमाचल में चलती बस पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, कई घायल, एक की मौत

NH 154A पर गहरा के पास चलती बस पर भारी पत्थर गिर गए. इस दर्दनाक हादसे में एक यात्री की मौत हो गई.

पत्थर गिरने से घायल हुए लोग
पत्थर गिरने से घायल हुए लोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : July 5, 2026 at 1:08 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंबा: हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही पहाड़ों के दरकने का सिलसिला शुरू हो गया है. जगह-जगह हो रहे भूस्खलन के कारण अब सफर बेहद जोखिम भरा होता जा रहा है. इसी बीच, पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 154A) पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पहाड़ी से गिरे मलबे और भारी पत्थरों की चपेट में एक चलती बस आ गई. इस हादसे में घायल हुए पांच लोगों में से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है.

ये निजी बस भरमौर से चम्बा की ओर आ रही थी, जैसे ही बस गहरा के समीप पहुंची, अचानक पहाड़ी से भारी भूस्खलन शुरू हो गया और बड़े-बड़े पत्थर सीधे बस पर आ गिरे. चश्मदीदों के मुताबिक, पत्थरों की रफ्तार इतनी तेज थी कि बस के शीशे तोड़ते अंदर तक पहुंच गए. इस अप्रत्याशित हादसे से बस के भीतर चीख-पुकार मच गई. पत्थरों की चपेट में आने से छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर और बाजुओं पर गहरी चोटें आईं. हादसे के बाद बस में सवार यात्री तुरंत बाहर निकल गए. इस दौरान कुछ घायल सड़क पर दर्द से तड़पते भी दिखे.

अस्पताल में एक ने तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चम्बा ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया, लेकिन दुर्भाग्यवश घावों के ताव न सहते हुए एक व्यक्ति की मौत हो गई. अन्य घायलों का इलाज अभी जारी है. एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने कहा हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई और चार घायल हुए हैं. मृतक का शव जल्द ही परिजनों को सौंपा जाएगा.

प्रशासन की चेतावनी

इस दुखद घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. उपायुक्त चम्बा, मुकेश रेपिसवाल ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों से विशेष एहतियात बरतने की अपील की है.

बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, जिससे पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है. सभी नागरिक और सैलानी खतरे का आभास करें और पूरी सावधानी बरतें. जब तक बेहद जरूरी न हो, तब तक बरसात के इस मौसम में यात्रा करने से परहेज करें.-उपायुक्त मुकेश रेपिसवाल

ये भी पढ़ें: गाड़ी के चालान का नोटिस देने पहुंचा कोर्ट कर्मी, कमरे के अंदर पड़ा था युवक का शव