ETV Bharat / state

भिवाड़ी ब्लास्ट: पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक और मैनेजर को किया गिरफ्तार, धमाके में 7 लोगों की गई थी जान

फैक्ट्री संचालक हेमंत शर्मा के हेड कांस्टेबल भाई की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है.

Fire brigade extinguishes fire at Bhiwadi factory
भिवाड़ी की फैक्ट्री में आग बुझाती दमकल (ETV Bharat Khairthal (File Photo))
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 18, 2026 at 10:07 AM IST

|

Updated : February 18, 2026 at 10:40 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

खैरथल: पुलिस ने भिवाड़ी में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट मामले में फैक्ट्री मालिक हेमंत कुमार शर्मा और मैनेजर अभिनंदन तिवारी को गहन पूछताछ के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. जयपुर रेंज आईजी ने मीडिया से बातचीत में मंगलवार को ही इसके संकेत दे दिए थे. आरोपी हेमंत कुमार शर्मा का भाई योगेश कुमार शर्मा भिवाड़ी पुलिस की डीएसटी में हेड कांस्टेबल है. हेड कांस्टेबल योगेश की संभावित भूमिका की जांच की जा रही है. खुशखेड़ा थाना पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच शाम को दोनों आरोपियों को तिजारा न्यायालय में पेश किया.

भिवाड़ी के एएएसपी अतुल साहू ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार दोपहर घटनास्थल से 500 मीटर दूर एक अन्य अवैध पटाखा फैक्ट्री और गोदाम पकड़ा. इन दोनों फैक्ट्री और गोदाम का मालिक हेमंत कुमार शर्मा ही है. दूसरी फैक्ट्री में पटाखा बनाने की मशीन लगी थी. इसमें भारी मात्रा में माल मिला. भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में धमाके के साथ आग लग गई थी. सोमवार को विस्फोट में 7 मजदूर जिंदा जल गए, जबकि 4 गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद पुलिस ने फैक्ट्री मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, जिसने पूरा राज उगल दिया. अब फैक्ट्री मालिक हेमंत शर्मा और मैनेजर अभिनंदन को गिरफ्तार कर लिया गया.

Cutting off the factory's power connection
फैक्ट्री का बिजली कनेक्शन काटते हुए (ETV Bharat Khairthal)

पढ़ें:भिवाड़ी: अग्नि हादसे में मजदूरों के जिंदा जलने के बाद दो अवैध पटाखा निर्माण फैक्ट्री को किया सीज

भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि सोमवार को जिस फैक्ट्री में आग लगी और मंगलवार को पकड़ी गई फैक्ट्री और गोदाम, तीनों का मालिक शाहजहांपुर (कोटपूतली-बहरोड़) निवासी हेमंत कुमार शर्मा है. ये तीनों प्रॉपर्टी हेमंत के नाम पर लीज पर लिए गए थे. सभी स्थानों पर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे. साहू ने बताया कि तीनों जगहों पर अवैध पटाखा निर्माण हो रहा था. फैक्ट्री से मशीनें, कच्चा माल और पटाखा बनाने का सामान मिला, जबकि पास के गोदाम से तैयार अवैध पटाखों की बड़ी खेप बरामद हुई.

पढ़ें:Bhiwadi Blast Case : कब, कैसे और क्या हुआ ? खैरथल एसपी ने बताई पूरी बात...सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया

जिला प्रशासन ने मांगा अपडेट ब्योरा: इधर, कोटपुतली-बहरोड़ जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगपतियों और फैक्ट्री संचालकों के साथ बैठक की. इसमें रीको अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने औद्योगिक क्षेत्रों की सभी इकाइयों का अपडेट ब्योरा जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं. बताएं कि किस कंपनी में क्या उत्पादन हो रहा है और प्लांट किसके नाम से है. भूमि आवंटन की स्थिति, लाइसेंस एवं अनुमति पत्र आदि की जानकारी देने को कहा है. कलेक्टर ने कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रति लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एडीएम ओपी सहारण, एएसपी सुरेश कुमार खीची, रीको के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

ये तैयारी रखने को कहा: प्रशासन ने उद्योगपतियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए. फैक्ट्री परिसर में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार, श्रमिकों को सुरक्षा प्रशिक्षण, रसायनों के सुरक्षित भंडारण और विद्युत व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने को कहा. श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और फायर विभाग को संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए. बैठक में तय किया कि सभी औद्योगिक इकाइयों का चरणबद्ध निरीक्षण किया जाएगा.

दूसरी पटाखा फैक्ट्री का वीडियो आया सामनेः खैरथल जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र खुशखेड़ा स्थित एक दूसरी पटाखा फैक्ट्री का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. भिवाड़ी एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया की हमें सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि पटाखा फैक्टरी में छोटे छोटे बच्चों से काम कराने का वीडियो वायरल हो रहा है. इसकी जांच साइबर टीम से कराई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो कब का है और किस फैक्ट्री का है?. वीडियो हालिया और सत्य पाया जाता है तो संबंधित मालिक और प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.

पढ़ें:Bhiwadi Factory Fire : महज 22 हजार रुपए की खातिर 1000 किमी दूर से आए थे मजदूर, फैक्ट्री संचालक के लालच ने छीनी सात जिंदगियां

Last Updated : February 18, 2026 at 10:40 AM IST