पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी..एक महीने के अंदर तीसरी घटना
एक बार फिर पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है. एक महीने अंदर तीसरी बार धमकी दी गयी है.

Published : February 11, 2026 at 11:49 AM IST
पटना: बिहार की राजधानी में पटना सिविल कोर्ट और दानापुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी मिलने के बाद बुधवार को पटना सिविल कोर्ट दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार इसबार भी ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गयी है. इसके बाद बम निरोधक दस्ता परिसर की जांच कर रहा है. जांच करने के बाद सब कुछ ठीक रहा तो 12 बजे से कोर्ट खोला जाएगा.
जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसी: सुरक्षा एजेंसियां मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में लगी हैं. साइबर सेल की टीम भी ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके. फिलहाल जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.

"धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली करा दिया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर बिंदु पर जांच की जा रही है. किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है." -शहजाद गद्दी, थाना प्रभारी, पीरबहोर
'बहुत डर लग रहा..': घटना के बाद पटना सिविल कोर्ट के अधिवक्ता ने कहा कि, हम लोगों को बहुत डर लग रहा है. लग रहा है कि पटना सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस छोड़ना पड़ेगा. एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार धमकी मिली है. सुबह जब कोर्ट पहुंचे तो पता चला कि प्रशासन ने एक नंबर, दो नंबर और तीन नंबर गेट बंद कर दिया है. कहा गया कि आप लोग कोर्ट के अंदर नहीं आएं, बम की सूचना है, अंदर में सुरक्षा जांच की जा रही है.
''जो भी बड़े पदाधिकारी और प्रशासन के लोग हैं, मामले को देखें, यह गंभीर मामला है. हम लोग असुरक्षित महसूस करेंगे तो क्लाइंट का क्या होगा?. मामले की जांच तुरंत हो, और यह सुनिश्चित हो की भविष्य में ऐसी घटना को रोका जा सकें.'' - महेश कुमार, एडवोकेट, पटना सिविल कोर्ट

'सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल': अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब कोर्ट को इस तरह की धमकी मिली है, बल्कि यह छठी घटना है. बार-बार मिल रही धमकियों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि सुबह से ही कोर्ट की कार्यवाही पूरी तरह बाधित है. न्यायिक पदाधिकारी, कर्मचारी और वकील कोर्ट परिसर के बाहर मौजूद हैं. कोर्ट बंद रहने से दूर-दराज से आए फरियादियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
8 जनवरी को मिली थी धमकी: बता दें कि एक महीने के अंदर यह तीसरी घटना है, जब कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गयी है. इससे पहले 8 जनवरी को बिहार के 4 सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी. इसमें पटना का सिविल कोर्ट भी शामिल था. ईमेल के माध्यम से बताया गया था कि कोर्ट कैंप में 3 आरडीएक्स आईटी प्लांट किया गया है. इसके अलावे गया, सिविल कोर्ट, किशनगंज, अररिया कोर्ट को धमकी मिली थी.
दो दिन पहले भी मिली थी धमकी: 9 फरवरी को भी बिहार के कई कोर्ट को उड़ाने की धमकी गयी थी. ईमेल मिला की कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ा दिया जाएगा. पटना और भागलपुर सिविल कोर्ट को धमकी मिली थी, जिसके बाद दोनों जिले के कोर्ट को तत्काल बंद करा दिया गया था. 11 फरवरी को एक बार फिर पटना सिविल कोर्ट को धमकी मिलने से वकीलों में दहशत है.
ये भी पढ़ें:

