चंडीगढ़ के कई स्कूलों को फिर से मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, पुलिस और बम स्क्वॉड टीम जांच में जुटी
चंडीगढ़ के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. फिलहाल स्कूलों को खाली कराकर जांच की जा रही है.

Published : February 27, 2026 at 10:39 AM IST
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में एक बार फिर कई स्कूलों को बस से उड़ाने की धमकी मिली है. बम की धमकी मिलने से स्कूलों में हड़कंप मच गया. चंडीगढ़ सेक्टर 38 स्थित विवेक हाई स्कूल को पहले ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली. सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया. एहतियातन विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर: धमकी की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे. पूरे स्कूल परिसर को खाली करवाकर हर कक्षा, कार्यालय, लैब और सार्वजनिक स्थान की गहन तलाशी ली गई. प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं और जांच जारी है.
अन्य स्कूल भी निशाने पर: इसके साथ ही सेक्टर 47 स्थित माउंट केरमल स्कूल सहित शहर के अन्य निजी स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे गए हैं. पिछले कई दिनों से स्कूलों, सचिवालय और अदालत परिसरों को लगातार इस प्रकार के संदेश मिल रहे हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है.
साइबर सेल जांच में जुटी, अफवाहों से बचने की अपील: पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह शरारती तत्वों की हरकत प्रतीत होती है, लेकिन किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत प्रशासन को जानकारी दें. शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

