टनकपुर पिथौरागढ़ हाईवे पर पलटी सवारियों से भरी बोलेरो गाड़ी, 9 लोगों की जान बाल-बाल बची
टनकपुर पिथौरागढ़ हाईवे पर बड़ा हादसा टला, सवारियों से भरा बोलेरो वाहन पलटा, हादसे में 9 लोगों की जान बची

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 30, 2026 at 11:02 PM IST
चंपावत: टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया. जहां मुनस्यारी से हल्द्वानी जा रही बोलेरो अमोडी इलाके में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. गनीमत रही कि वाहन खाई में नहीं गिरा. वो सड़क पर पलट गया. वरना बड़ा हादसा हो सकता था. बताया जा रहा है वाहन में 9 लोग सवार थे. जिन्हें हल्की-फुल्की चोटें आई हैं.
सवारियों से भरा वाहन पलटा: जानकारी के मुताबिक, टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार यानी 30 जून की शाम करीब 4 बजे के आस पास तुलसी होटल के पास सवारियों से भरा बोलेरो वाहन संख्या UK 05 TA 0839 अनियंत्रित होकर अचानक सड़क पर पलटा गया. जिससे सवारियों में चीख पुकार मच गई. गनीमत रही कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया. अगर खाई की तरफ जाता, तो किसी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था.

हादसे में 9 लोगों को आईं चोटें: वाहन में सवार 9 लोग चोटिल हो गए. मौके से गुजर रहे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय चंपावत के प्रभारी केदार बृजवाल, जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरजा शंकर जोशी, बृजेश कुमार समेत अन्य यात्रियों व स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला. जिसके बाद दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सभी लोगों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया.

ब्रेक फेल बताया जा रहा हादसे का कारण: प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि एक बड़ा हादसा होते-होते बचा है. क्योंकि, अगर गाड़ी नीचे की तरफ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है. हालांकि, मामले की जांच की जा रही है. गौर हो कि चंपावत जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही है. जिसमें कई लोग जान गंवा चुके हैं.

अल्मोड़ा कार हादसे में गई थी 4 लोगों की जान: बता दें कि बीती रोज यानी 29 जून को अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र के चायखान-बलिया बेगनिया मोटर मार्ग पर कार गहरी खाई में गिर गई थी. इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए थे. जबकि, हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए. इस सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन ली थी.
ये भी पढ़ें-

