ETV Bharat / state

बोकारो पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे को दबोचा, BMW प्लांट से रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में गिरफ्तारी

बोकारो पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोप में गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के कथित सदस्य को गिरफ्तार किया है.

Extortion accused arrested
रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार (Etv bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 2, 2026 at 8:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बोकारो: जिले के बालीडीह ओपी स्थित बीएमडब्ल्यू प्लांट से रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने प्रिंस खान गैंग के कथित सदस्य राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने प्रिंस खान के कहने पर धमकी भरा पर्चा लिखकर फैक्ट्री में छोड़ा था और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कराया गया था.

मैनेजर ने दर्ज कराई थी शिकायत

12 मार्च को बीएमडब्ल्यू प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह थाना में आवेदन देकर फैक्ट्री लगाने के एवज में रंगदारी मांगने और धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर बालीडीह थाना कांड संख्या 56/26 दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया.

जानकारी देते मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार (Etv Bharat)

प्रिंस खान के संपर्क में था आरोपी: पुलिस

एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-2सी निवासी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सीधे प्रिंस खान के संपर्क में था और उसके निर्देश पर धमकी भरा पर्चा अपने हाथ से लिखकर फैक्ट्री परिसर में छोड़ा था, बाद में उसी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करके कंपनी को दोबारा धमकी भी दी गई थी.

दूसरे सदस्यों की भूमिका की जांच

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस काम के एवज में प्रिंस खान द्वारा आरोपी के दो बैंक खातों में कुल एक लाख पचास हजार रुपये भेजे गए थे. पुलिस अब इस लेन देन और गैंग के दूसरे सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में कई अहम साक्ष्य मिले हैं. इसके साथ ही आरोपी और प्रिंस खान के बीच व्हाट्सएप कॉल और चैट के रिकॉर्ड भी बरामद किए गए हैं.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

पुलिस का कहना है कि राकेश कुमार, बोकारो में प्रिंस खान गैंग के विस्तार और प्रभाव बढ़ाने का काम कर रहा था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में अन्य आरोपियों और गैंग के नेटवर्क की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें- पलामू में स्टोन माइंस से रंगदारी, मुखिया पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर में दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने दुकान में की थी फायरिंग, आर्म्स के साथ छह गिरफ्तार

बोकारो में युवक को मारी गोली, रंगदारी की मांग को लेकर अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम