सब्जी बेचने वाली महिला पर फेंका गया खौलता हुआ 'माड़', गंभीर रूप से झुलसी
मुजफ्फरपुर में एक सब्जी बेचने वाली महिला पर खौलता हुआ माड़ फेंक दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Published : April 25, 2026 at 2:45 PM IST
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां सब्जी बेच रही एक महिला पर ऊपर से खौलता हुआ ‘माड़’ (चावल उबालने के बाद बचा गर्म पानी) फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई.
महिला पर फेंका खौलता हुआ माड़: घायल महिला की उम्र 40 साल बतायी जाती है. वह श्रीरामपुर पूसा रोड की रहने वाली हैं. घटना सुबह करीब 9:30 बजे माड़ीपुर ओवरब्रिज के पास हुई, जहां वह रोज की तरह सब्जी बेच रही थी.
पीड़िता का आरोप: पीड़िता का आरोप है कि पास के एक मकान से जानबूझकर खौलता हुआ माड़ उनके ऊपर फेंका गया. उन्होंने बताया कि वह रोजाना उसी स्थान पर दुकान लगाती हैं. घटना के बाद जब उन्होंने संबंधित लोगों से पूछताछ की, तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया.
"मेरे पति का करीब 10 साल पहले निधन हो चुका है. परिवार में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है और अपने तीन बेटों का पालन-पोषण सब्जी बेचकर ही करती हूं. घटना के बाद परिवार पर संकट गहरा गया है"- पीड़ित महिला
अचानक सुनाई दी चीखने की आवाज: पास में ही सब्जी बेचने वाली एक अन्य महिला ने बताया कि सुबह के समय सभी लोग दुकान लगाए हुए थे, तभी अचानक चीखने की आवाज सुनाई दी. उन्होंने देखा कि रीता देवी झुलस चुकी थीं, हालांकि यह नहीं देख सकीं कि उनके ऊपर क्या फेंका गया.
"घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है."- प्रत्यक्षदर्शी
"प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. किसी ने गलती से खौलता माड़ फेंक दिया, जिससे महिला झुलस गई. फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."- नवलेश कुमार आजाद, काजी मोहम्मदपुर थाना अध्यक्ष
ये भी पढ़ें
बिहार में खून का बदला खून! सरोज पासवान हत्याकांड के आरोपी की गोली मारकर हत्या
पुलिस की गाड़ी से बेटी की विदाई कराने पहुंचा पिता, मार खाकर ससुराल से बैरंग लौटी पुलिस

