स्टेशन पर घंटों तक मृत मां के सिर को गोद में लेकर बैठी रही बच्चियां, तकती रही छोड़कर गए पिता की राह
मधेपुरा स्टेशन पर दो बच्चियां घंटों अपनी मां के शव के साथ बैठी रहीं. कभी दोनों खेलती तो कभी मां को उठाने के लिए रोतीं.

Published : February 26, 2026 at 7:53 PM IST
मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना देखने को मिली. स्टेशन पर पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने वाली एक 25 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला. स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर मौजूद एक बेंच पर महिला का शव पड़ा था और उसके सिर और पैर के पास एक-एक बेटी बैठकर रो रही थी.
मां के शव के पास बैठी रही बेटियां: दोनों बच्ची की उम्र पांच साल से कम है, जिसके कारण शुरुआती दौर में दोनों कोई भी जानकारी नहीं दे पर रही थी. वह कहां से आई थी और कहां जा रही थी, कुछ भी नहीं बता पा रही थी. लोगों द्वारा नजदीक जाने और जांच करने के बाद पता चला कि महिला की मौत हो चुकी है. घटना की सूचना सहरसा जीआरपी को दी गई.
परेशान होकर रोने लगी बच्ची : मंगलवार की सुबह में जब स्टेशन पर यात्रियों का आवागमन शुरू हुआ तो उस समय लोगों ने समझा कि महिला बच्ची की गोद में सर रखकर सो रही है. जिसके बाद कई घंटे तक गोद में सिर रखने से परेशान होकर बच्ची रोने लगी.
बच्चियों ने दी जानकारी: बच्चियों को रोता देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों ने जब पास जाकर देखा तो महिला की मौत हो चुकी थी. बच्चियों ने पूछताछ करने पर बताया कि उनका घर जीतापुर है. उन्होंने अपनी मां और पिता का नाम बताया. रेलवे के अधिकारियों और यात्रियों द्वारा बच्ची के गोद से महिला का सिर हटा दिया गया, जिसके बाद दोनों बच्ची को बिस्किट दिया गया तो वह खाने लगी.
मां के शव को पकड़कर सो जाती थी बेटियां: बच्ची के द्वारा जानकारी मिलने के बाद मृत महिला के स्वजनों को घटना की सूचना दी गई. सहरसा से जीआरपी के आने में घंटों लग गए. शव की जांच के कारण विधिसम्मत कार्रवाई होने के कारण घंटों तक घटना स्थल पर दोनों छोटे-छोटे बच्चे शव के साथ अकेले रहे.
गोद में मम्मी को सुलाकर चले गए पापा: इस दौरान दोनों बच्ची कभी खेलती, कभी मां को जगाने के लिए रोती, कभी भूख लगने पर रोती तो कभी मां के मौत से अनजान बच्ची मां के शव को पकड़ कर सो जाती थी. महिला के साथ मौजूद उसकी तीन साल की बेटी ने बताया कि रात में मम्मी ने आत्महत्या कर ली थी. सुबह पापा (महिला का प्रेमी) हम दोनों बहनों और मम्मी को ऑटो से लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे. यहां मम्मी को हमारे गोद में सुला दिया और फिर पापा वहां से चले गए.
गर्भवती थी मृत महिला : जानकारी के अनुसार मृत महिला के दो बच्चे हैं और वह गर्भवती भी थी. हालांकि उसकी मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है. पुलिस भी इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है. सूचना मिलने पर सहरसा से जीआरपी के इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे.
"आरपीएफ से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की गई है. यह साफ नहीं हो पाया है कि महिला ने वास्तव में आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या कर शव को रेलवे स्टेशन पर लाकर छोड़ दिया गया है."- दिलीप कुमार, जीआरपी के इंस्पेक्टर
हत्या या आत्महत्या?: पुलिस के अनुसार महिला के गले पर स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे यह लग रहा है कि उसने आत्महत्या की है या किसी ने उसकी हत्या कर दी है. दोनों में से किसी भी स्थिति में महिला की मौत के बाद किसी ने शव और दोनों बच्ची को स्टेशन पर लाकर छोड़ दिया है. घटना की सूचना मिलते ही महिला की एक दूर की रिश्तेदार मौके पर पहुंची.
"महिला का अपने पति से एक महीने पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद उसका पति मजदूरी करने के लिए बाहर चला गया था. बैंक से लोन लेकर दोनों घर बना रहे थे."- मृतक महिला की रिश्तेदार
सूचना पर भी नहीं पहुंचे स्वजन: रेलवे पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा. इस घटना में हैरानी की बात यह है कि कई लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलने के बाद भी शाम तक महिला के कोई भी स्वजन मौके पर नहीं पहुंचा था. जबकि मृतका का घर जीतापुर बताया जा रहा है, जो मधेपुरा रेलवे स्टेशन से महज 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. घटना के घंटों बीत जाने के बाद भी स्वजनों का नहीं पहुंचना भी संदेह पैदा करता है.
गोतनी ने जीआरपी थाना में दिया आवेदन : मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है. मृतका की गोतनी ने मंगलवार की देर रात जीआरपी थाने में महिला के प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है. थाने में दिए गए आवेदन में घटनास्थल पर सिंहेश्वर थाना का सुखासन पंचायत दर्शाया गया है, जिसमें प्रेमी के अलावा उसकी बहन व अन्य स्वजन को भी आरोपित बनाया गया है.
"महिला शादी के बाद से ही अपने पति के साथ दिल्ली में रह रही थी. एक माह पूर्व वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर प्रेमी के साथ दिल्ली से भागकर मधेपुरा आ गई थी. प्रेमी का भी घर भतखोरा पंचायत में ही है. इसके बाद वह सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में प्रेमी के बहन के घर रह रही थी. प्रेमी व उसके स्वजन ने हत्या कर शव को रेलवे स्टेशन पर रख दिया था."- मृत महिला की गोतनी
"मृतका की गोतनी के आवेदन पर जीरो एफआईआर दर्ज कर दोनों बच्चों और शव को उसी के हवाले कर दिया गया है. दर्ज एफआईआर को मधेपुरा पुलिस को रेफर किया जा रहा है."- रविभूषण, सहरसा जीआरपी थानाध्यक्ष
दो औरत और तीन बच्चों को लेकर आया था प्रेमी: शादीशुदा प्रेमी पत्नी व प्रेमिका को लेकर पहुंचा था बहन के घर : प्रेमी की बहन ने बताया कि उसका भाई दो दिन पहले पत्नी व एक और महिला समेत तीन बच्चों के साथ सिंहेश्वर मेला घूमने आया था. सोमवार के अहले सुबह महिला ने पेट दर्द की शिकायत की और इसके बाद वह प्रेमी के साथ पैदल ही घर से निकल गई.
"इसके बाद वह लापता हो गई और मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मृत अवस्था में मिली. दो दिनों से दो महिला और तीन बच्चे मेरे घर पर रुके हुए थे. मेरा भाई अपनी दो पत्नियों और तीन बच्चों के साथ आया था."- प्रेमी की बहन
ये भी पढ़ें
'मेर सामने ही बेटे को चाकुओं से गोद दिया, मैं उसे बचा नहीं सकी': बेंगलुरु में 6 हमलावरों का तांडव
BSF जवान की मां का मिला अधजला शव, शादी समारोह से हो गई थी गायब

