बस्ती में वाल्टरगंज थाना प्रभारी का शव सरकारी घर में मिला, स्टेटस लगाया- धन-संपदा प्रेम से बढ़कर नहीं
मौत की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 11:02 PM IST
|Updated : August 29, 2026 at 11:16 PM IST
बस्ती : वाल्टरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उनका शव सदर कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के पास स्थित सरकारी आवास में फंदे से लटका हुआ मिला. सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए. मौत से पहले उनके निजी नंबर पर लगाया गया आखिरी स्टेटस भी अब सवाल खड़े कर रहा है. उन्होंने स्टेटस लगाया था, धन-संपदा भी आवश्यक है, परंतु शांति और प्रेम से बढ़कर नहीं.
डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी ने बताया, कलेक्ट्रेट के पास स्थित सरकारी आवास में सूर्य प्रकाश सिंह पंखे से लटके मिले. वह दोपहर करीब 1 बजे अपने सहकर्मियों के साथ सरकारी आवास पर आए थे. उनके साथ आए पुलिसकर्मी सिविल लाइन चौकी पर रुक गए थे. जबकि वह आराम करने के लिए घर चले गए थे. उनका एक सहयोगी सरकारी आवास पर पहुंचा, काफी देर तक फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसे अनहोनी की आशंका हुई.
पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़ी, तो अंदर सूर्य प्रकाश सिंह का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन मौत की असली वजह क्या है, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है. डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. सूर्य प्रकाश सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के भीलमपुर छपरा गांव के रहने वाले थे. वह 4 साल बाद रिटायर होने वाले थे.
सूर्य प्रकाश सिंह सिद्धार्थनगर से ट्रांसफर होकर बस्ती आए थे. पहले यहां पुलिस लाइन में उन्हें तैनाती मिली थी. 18 अप्रैल, 2026 को उन्हें वाल्टरगंज थाने का इंचार्ज बनाया गया था. डीआईजी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस की सर्विलांस, फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष के पास से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है.

