गोरखपुर में ब्लाइंड स्कूल के बाथरूम में छात्र का शव मिला; CCTV में बाल्टी लेकर जाता दिखा, पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लिया
उपनिदेशक अनूप कुमार ने बताया कि मंगलवार रात 10:00 बजे छात्र बाथरूम में गया था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 26, 2026 at 9:21 PM IST
गोरखपुर : जिले के लाल डिग्गी स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टि बाधित ब्वॉयज इंटर कॉलेज के बाथरूम में छात्र (18) का शव मिलने से हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक निमिष पाटिल और एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे. जिसके बाद अधिकारियों ने सीसीटीवी की जांच की. छात्र के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस छात्र का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच कर रही है.
उपनिदेशक अनूप कुमार ने बताया कि मंगलवार रात 10:00 बजे छात्र बाथरूम में गया था. सुबह सफाईकर्मी आया उसने दरवाजा काफी देर तक बंद देखकर दरवाजा खटखटाया. अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर थाना राजघाट पुलिस को सूचना दी गई.
उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था. दरवाजा खोलने पर देखा कि छात्र मृत अवस्था में अंदर था. छात्र की पहचान देवरिया जिला निवासी अनूप कुमार (18) के रूप में हुई है. छात्र 2019 से हॉस्टल में रह रहा था.
पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी. सूचना पर परिजन स्कूल पहुंचे. सीसीटीवी और मोबाइल की जांच की. सीसीटीवी फुटेज में छात्र अकेले जाता हुआ दिखाई दिया. उसके हाथ में बाल्टी और गमछा था. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल की काॅल डिटेल के साथ-साथ स्कूल के अन्य छात्रों और शिक्षकों से भी पूछताछ कर रही है. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टर का पैनल गठित किया जाएगा और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी.
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी.
यह भी पढ़ें : 'मेरी पढ़ाई-शादी के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं', पॉलिटेक्निक छात्रा ने दी जान

