इंसानियत शर्मसार! फरीदाबाद में मिला नवजात का शव, एक सप्ताह में दूसरी घटना
फरीदाबाद के गाजीपुर इलाके में खाली प्लॉट में नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.

Published : August 16, 2026 at 2:20 PM IST
फरीदाबादः जिले के डबुआ थाना क्षेत्र में गाजीपुर गांव के पास उड़िया कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. नवजात का शव लाल रंग के कपड़े में लिपटा हुआ था और कुत्ते उसे उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक की नजर कुत्तों पर पड़ी. उसने कुत्तों को भगाया तो मामले का खुलासा हुआ.
नवजात की उम्र करीब एक दिन: स्थानीय निवासी संतोष ने बताया कि "सुबह करीब 10 बजे वह वहां से गुजर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने कुछ कुत्तों को लाल रंग का कपड़ा मुंह में दबाकर ले जाते देखा. कपड़े के नीचे से नवजात के हाथ और पैर दिखाई दे रहे थे. शक होने पर उन्होंने कुत्तों को भगाया और कपड़ा हटाकर देखा तो उसमें एक नवजात शिशु का शव लिपटा हुआ था. नवजात की उम्र करीब एक दिन की बताई जा रही है." संतोष ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
लोगों में आक्रोशः स्थानीय लोगों का कहना है कि "किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात को जन्म के बाद खाली प्लॉट में फेंक दिया. लोगों ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया. उनका कहना है कि अगर किसी कारण से नवजात को पालना संभव नहीं था तो उसे इस तरह खुले में छोड़ने के बजाय कानूनी और सुरक्षित तरीके अपनाए जा सकते थे."
जांच में जुटी पुलिसः घटना की सूचना डबुआ थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को यहां कौन छोड़कर गया.
क्या बोले थाना प्रभारीः डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि "गाजीपुर गांव के पास उड़िया कॉलोनी के एक खाली प्लॉट से नवजात का शव बरामद हुआ है. प्रथम दृष्टया नवजात करीब एक दिन का प्रतीत हो रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है."
सीसीटीवी कैमरों की हो रही है जांचः पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि नवजात की मौत पहले हो चुकी थी या उसे जिंदा अवस्था में यहां फेंका गया था. इसके साथ ही पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है.
9 अगस्त को भी मिला था एक नवजात का शवः इससे पूर्व 9 अगस्त को फरीदाबाद के छांयसा थाना क्षेत्र में भी एक नवजात का शव मिला था. मोठूका का नगला रोड स्थित श्मशान घाट में दफन किए गए नवजात के शव को कुत्ते गड्ढे से बाहर निकालकर सड़क तक खींच लाए. सड़क पर शव देखकर राहगीरों ने कुत्ते से शव को छुड़ाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस जांच कर रही है.

