गुमशुदा बालक की नहर में मिली थी बॉडी, अब साइबर ठग 'किडनैप' की बात कह परिजनों को कर रहे फोन
गुमानपुरा थाना इलाके से एक 15 वर्षीय बालक लापता हो गया था. जिसका शव चंबल नदी की दाईं मुख्य नहर में मिला था.

Published : February 26, 2026 at 9:53 PM IST
कोटा: शहर के गुमानपुरा थाना इलाके से एक 15 वर्षीय बालक लापता हो गया था. जिसका शव चंबल नदी की दाईं मुख्य नहर में मिला था. अब इस बालक के परिजनों को वीपीएन नेटवर्क से साइबर ठग फोन कर रहे हैं. जिसमें ठग दावा कर रहे हैं कि उन्होंने बच्चे को किडनैप कर लिया है. इस मामले पर पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर गुमशुदा बालक के संबंध में जानकारी शेयर की थी. यह जानकारी साइबर फ्रॉड तक पहुंच गई होगी. इसके बाद वह ठगी की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि इस घटना से परिजन सहम गए हैं और पुलिस से मामले में जांच की मांग कर रहे हैं.
गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कारवाल का कहना है कि 23 फरवरी को एक बालक थाना इलाके से लापता हो गया था. बालक का मनोचिकित्सक के पास उपचार भी चल रहा था. बालक का शव उद्योग नगर थाना इलाके में 25 फरवरी को नहर में मिला था. बालक के लापता होने पर मिसिंग पर्सन रिपोर्ट दर्ज की गई थी. इस दौरान परिजनों ने भी सोशल मीडिया पर बालक के गुम होने की सूचना जारी की थी. यह सूचना साइबर फ्रॉड में जुटे लोगों तक पहुंच गई. जिसमें परिजनों का मोबाइल नंबर भी था. हालांकि बालक का शव मिल गया और उसके शव का पोस्टमार्टम करा कर 25 फरवरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया था. उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया.
पढ़ें: चूरू: 14 दिनों से गुमशुदा बालक का शव मिला बीहड़ में, पतंग लूटने निकला था घर से बाहर
दूसरी तरफ साइबर फ्रॉड को यह भी नहीं पता है कि बालक का शव मिल गया है. इसके बावजूद भी इंटरनेट से वीपीएन जनरेट करके व्हाट्सएप कॉल कर परिजनों को धमका रहा है. बालक को अपने पास होने की बात कह रहा है. जिसमें यह भी कह रहा है कि बालक को उन्होंने किडनैप कर लिया है. पुलिस को सूचना देने पर उसके साथ गलत घटना कारित करने की धमकी दी गई है. यह भी कह रहे हैं कि बालक के कपड़ों को जला दिया है, ताकि स्निफर डॉग उन तक नहीं पहुंच सके. जबकि यह सब फ्रॉड करने के लिए ही वह कर रहे हैं, बालक का बॉडी नहीं मिलती तो परिजन इन्हें पैसा भी दे सकते थे.

