बिहार में राशन लेने निकली नाबालिग बच्ची का निर्माणाधीन मकान से मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
जमुई में राशन लेने के दौरान लापता हुई बच्ची का शव निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री से बरामद, मामले की गहन जांच जारी. रिपोर्ट-राजेश कुमार


Published : August 29, 2026 at 9:00 PM IST
जमुई: बिहार के जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमारंग मुहल्ले में शनिवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान के अहाते के अंदर से सात-आठ वर्षीय नाबालिग बच्ची का शव बरामद हुआ है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
मदरसा ग्राउंड से लापता: परिजनों के अनुसार बच्ची शुक्रवार की शाम को अपने घर के बगल में स्थित मदरसे के पास ग्राउंड में खेल रही थी. खेलते-खेलते वह अचानक वहां से लापता हो गई. देर शाम तक जब बच्ची वापस अपने घर नहीं लौटी, तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी.
पिता का बयान: बच्ची के पिता ने बताया कि मेरी बेटी शुक्रवार शाम को घर से राशन का सामान लेने के लिए निकली थी. जब वह वापस नहीं लौटी तो हम लोगों ने आस-पास और अपने नाते-रिश्तेदारों के यहां पूछताछ और खोजबीन शुरू की.
अनहोनी की आशंका: वहीं जब परिचितों के यहां काफी खोजबीन करने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार वाले किसी अनहोनी की आशंका से पूरी तरह डर गए थे. इसके बाद ही सुबह बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिली.
सीसीटीवी कैमरों की जांच: घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस और स्वयं एसपी विश्वजीत दयाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस प्रशासन ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हर एक बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है और आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है.
एसपी का बयान: वहीं घटना को लेकर जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि नीमारंग मुहल्ले की एक 7-8 साल की बच्ची कल शाम से गायब थी, जो घर के बगल में मदरसा ग्राउंड में खेल रही थी. आज सुबह बच्ची का शव बगल के ही एक निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के अंदर मिला है.
टीम द्वारा छानबीन: पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने आगे बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल तथा डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया गया है. पूरे मामले की तफ्तीश और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मौत का पूरी तरह खुलासा होगा.
"नीमारंग मुहल्ले की एक 7-8 साल की बच्ची कल शाम से गायब थी. आज सुबह बच्ची का शव बगल के ही एक निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के अंदर मिला है.पूरे मामले की तफ्तीश और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मौत का पूरी तरह खुलासा होगा."- विश्वजीत दयाल, पुलिस अधीक्षक, जमुई
इसे भी पढ़ें-
कर्नाटक : झील में महिला व उसके पांच बच्चों समेत छह लोगों के शव मिले
3 दिन से लापता युवक का 'कंकाल' बरामद, तेजाब से शव गलाने की आशंका, सड़क पर फूटा गुस्सा

