दरभंगा निजी अस्पताल के रिकवरी रूम में मिला लैब टेक्नीशियन का शव, जांच में जुटी पुलिस
दरभंगा में निजी अस्पताल के रिकवरी रूम में लैब टेक्नीशियन की संदिग्ध हालत में मौत से हड़कंप मच गया. रिपोर्ट- वरूण

Published : August 27, 2026 at 8:34 PM IST
दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र में निजी अस्पताल से लैब टेक्नीशियन का शव संदिग्ध रूप से बरामद हुआ. रहमगंज स्थित निजी अस्पताल में गुरुवार की अहले सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रिकवरी रूम में हॉस्पिटल के लैब का स्टाफ का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला. घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं.
निजी अस्पताल के लैब टेक्नीशियन की संदिग्ध मौत : मौके से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चौपारा थाना क्षेत्र के छड़ीबीरा गांव निवासी रतिराव उरांव के पुत्र मनोज उरांव (24) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मनोज पिछले छह-सात महीने से उसी निजी अस्पताल में लैब टेक्निशियन के रूप में कार्यरत था.
एफएसएल की टीम कर रही जांच : मामले की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ-2 एस के सुमन मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है. फुटेज में मनोज बुधवार रात करीब 11 बजे रिकवरी रूम में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद गुरुवार सुबह तक किसी अन्य व्यक्ति के उस कमरे में प्रवेश करने का फुटेज सामने नहीं आया है. सुबह सफाई कर्मी जब कमरे में पहुंचे तो उन्होंने मनोज का शव देखा.
सभी बिन्दुओं पर जांच जारी : एसडीपीओ-2 ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई नमूने लिए हैं. पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतक का ब्लड सैंपल भी लिया जाएगा, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मौत में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता प्रतीत नहीं हो रही है, लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज और सबूतों की जांच : एसडीपीओ-2 एस के सुमन ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. सीसीटीवी फुटेज और अन्य मिले सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है.
"प्रथमदृष्टया लैब टेक्नीशियन की मौत मेंं किसी अन्य शख्स की संलिप्तता नजर नहीं आती. सीसीटीवी में दिख रहा है कि वह रात करीब 11 बजे रिकवरी रूम में घुसते हैं और पूरी रात किसी दूसरे शख्स की इंट्री नहीं होती है. सुबह सफाई कर्मी मरा हुआ देखकर बताते हैं. परिजनों को सूचना दे दी गई है. जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा."-एसके सुमन, एसडीपीओ-2, दरभंगा
ये भी पढ़ें-

