सोनभद्र में सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह गोंड के पार्थिव शरीर का आदिवासी परंपरा से दाह संस्कार
सपा कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे कई सपा नेता, शव को दफनाया गया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 10:04 AM IST
|Updated : January 9, 2026 at 10:51 AM IST
सोनभद्र: जिले की दुद्धी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक विजय सिंह गोंड का गुरुवार को 71 साल की उम्र में निधन हो गया. बता दें कि उनका शव गुरुवार देर रात सोनभद्र पहुंचा. उनके शव को शुक्रवार को उनके गृह क्षेत्र ले जाते समय सोनभद्र जिला मुख्यालय पर स्थित पार्टी कार्यालय पर रखा गया. यहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार दुद्धी क्षेत्र में उनके पैतृक गांव कटौली गांव में किया गया. अंतिम संस्कार आदिवासी परंपरा के तहत हुआ. उन्हें उनके पैतृक गांव कटौली में ही आदिवासी परंपरा के अनुसार दफना दिया गया. इस मौके पर छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम, भाजपा सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड़,पूर्व सपा विधायक और सपा के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा,पूर्व सपा विधायक रमेश दुबे समेत कई नेता मौजूद थे.
बता दें कि उन्होंने लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में गुरुवार को अंतिम सांस ली. विजय सिंह गोंड लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं और पिछले 3 माह से कोमा में थे. जिसके चलते उन्हें SGPGI में भर्ती कराया गया था. वहीं विधायक की मृत्यु की सूचना मिली तो समर्थकों में शोक की लहर फैल गयी. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं SGPGI पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की.
यह भी पढ़ें: सोनभद्र के दुद्धी सीट से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का निधन, जानिए 200 रुपये में नौकरी करने वाले कैसे बने 8 बार MLA
यह भी पढ़ें: उपचुनाव की घोषणा से पहले ही सपा ने दुद्धी विधानसभा सीट से घोषित कर दिया प्रत्याशी

