रांची के मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर में गाड़ी के अंदर मिला ड्राइवर का शव, नगर निकाय चुनाव से पहले मचा हड़कंप
रांची के मोराबादी मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर में एक गाड़ी के अंदर ड्राइवर का शव मिलने से दहशत फैल गई.

Published : February 22, 2026 at 1:08 PM IST
रांचीः नगर निकाय चुनाव के बीच राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक वाहन के अंदर ड्राइवर का शव बरामद किया गया. घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
मॉर्निंग वॉक पर गया था
जानकारी के मुताबिक, नगर निकाय चुनाव की ड्यूटी को लेकर एक वाहन को मोरहाबादी मैदान में बने निकाय चुनाव के वाहन कोषांग में लाया गया था. वाहन के साथ उसका ड्राइवर भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि ड्राइवर रात में गाड़ी के अंदर ही सो गया था. सुबह वह गाड़ी से उतरकर मॉर्निंग वॉक पर गया और लौटने के बाद फिर से गाड़ी में आराम करने चला गया.
काफी देर तक जब वह गाड़ी से बाहर नहीं निकला, तो अन्य ड्राइवरों को शक हुआ कि अभी तक वह वापस क्यों नहीं आया है. गाड़ी के अंदर झांककर देखा गया तो ड्राइवर मृत अवस्था में पाया गया. इसके बाद तुरंत अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा होगा
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर की मौत हार्ट अटैक से हुई हो सकती है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि सोमवार, 23 फरवरी को झारखंड में नगर निकाय चुनाव होना है, ऐसे में चुनावी तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने प्रशासन और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को भी सकते में डाल दिया है.
ये भी पढ़ें-
धनबाद में बाइक सवार की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप
राजद नेता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

